केदारनाथ धाम पहुंचे सूफी गायक कैलाश खेर: बाबा के दरबार में लगाई हाजिरी,बोले-यहाँ कण-कण में है दिव्य ऊर्जा

Sufi Singer Kailash Kher Arrives at Kedarnath Dham: Pays Obeisance at Baba's Shrine, Says—"Every Particle Here Radiates Divine Energy"

रुद्रप्रयाग।अपनी जादुई आवाज से शिव भक्ति को जन-जन तक पहुँचाने वाले सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर बृहस्पतिवार को बाबा केदार के दर पर नतमस्तक हुए। नीले आसमान और बर्फीली चोटियों के बीच बसे केदारनाथ धाम पहुँचकर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और बाबा केदार का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में उनकी मौजूदगी ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच खासा उत्साह भर दिया।

कैलाश खेर ने मंदिर के गर्भगृह में विशेष पूजा की और देश-समाज की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। दर्शन के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में काफी समय बिताया। वहां के आध्यात्मिक वातावरण से अभिभूत नजर आए खेर ने कहा, "बाबा केदार की इस पावन नगरी में कदम रखते ही मन को एक ऐसी शांति और अद्भुत ऊर्जा मिलती है, जिसे शब्दों में बयां करना कठिन है। यहाँ की दिव्यता और वातावरण हर श्रद्धालु को ईश्वर के करीब ले जाता है। केदारनाथ की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों को देखते हुए कैलाश खेर ने वहां की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतनी ऊंचाई और विषम परिस्थितियों के बावजूद जिस तरह से यात्रा का संचालन किया जा रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और मंदिर समिति के कार्यों को सराहा। कैलाश खेर के धाम पहुँचने पर केदार सभा के सदस्यों और मंदिर समिति के सदस्य विनीत चन्द्र पोस्ती ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने धाम की सुरक्षा में तैनात जवानों, तीर्थ पुरोहितों और प्रशासनिक अधिकारियों से भी मुलाकात की और उनसे व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की। भले ही कैलाश खेर दुनिया भर के मंचों पर अपनी प्रस्तुति देते हों, लेकिन केदारनाथ में वे एक साधारण भक्त के रूप में नजर आए। उन्होंने कहा कि यहाँ की आध्यात्मिक ऊर्जा उन्हें संगीत के नए आयामों और भक्ति की गहराई से जोड़ती है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें बाबा का प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया।