बड़ी खबरः आईएमए की पासिंग आउट परेड! भारतीय सेना का हिस्सा बने 419 जांबाज, नौ मित्र देशों के 32 कैडेट्स भी हुए पास आउट
देहरादून। राजधानी देहरादून में आज शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड आयोजित हुई। इस दौरान 419 जेंटलमैन कैडेट भारतीय सेना का हिस्सा बने। इसके साथ ही नौ मित्र देशों के 32 कैडेट भी पासआउट हुए। इससे पहले श्रीलंका के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बीकेजीएम लासंथा रोड्रिगो ने बतौर रिव्यूइंग ऑफिसर पासिंग आउट परेड में शिरकत करते हुए परेड की सलामी ली। सुबह 6 बजकर 38 मिनट पर मार्कर्स कॉल के साथ परेड का आगाज हुआ। इसके बाद कंपनी सार्जेंट मेजरों ने ड्रिल स्क्वायर पर अपनी-अपनी जगह संभाली। 6 बजकर 42 मिनट पर एडवांस कॉल के साथ कैडेट्स कदमताल करते हुए परेड मैदान में पहुंचे। इस दौरान श्रीलंका के सेना प्रमुख ने परेड का निरीक्षण कर कैडेट्स का हौसला बढ़ाया। वहीं परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित भी किया गया।