बड़ी खबरः 28 से 30 तक उत्तराखण्ड के दौरे पर रहेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन! विधानसभा चुनाव पर फोकस, बूथ कार्यकर्ताओं से लेकर युवा संवाद तक कई बड़े कार्यक्रम तय
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन उत्तराखण्ड के दौरे पर आ रहे हैं। उनके दौरे को लेकर जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद उनका देवभूमि में प्रथम बार आगमन है, जिसको लेकर प्रदेश के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और स्वागत की पूरी तैयारियां की गई हैं। दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने बताया 28 तारीख को कोर कमेटी और मंत्रिपरिषद की बैठक में शामिल होने के बाद नितिन नबीन 29 को राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ बैठक को संबोधित करेंगे और एक बूथ कार्यकर्ता के घर जलपान करेंगे और उसी दिन सांसद-विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और मोर्चा अध्यक्षों की बैठक लेंगे। उसके बाद 30 को 18 से 35 साल के युवाओं से संवाद का कार्यक्रम है। भट्ट ने कहा कि दौरा 2027 चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर केंद्रित है। नगर पालिका, नगर निगम के सभासदों और चेयरमैन के साथ भी बैठकें की जाएंगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह तीन दिन का प्रवास 2027 चुनाव में मील का पत्थर साबित होगा।