भवाली: यौन शोषण के आरोपी नरेश पांडे गिरफ्तार !फेसबुक लाइव में लगाए पुलिस पर गंभीर आरोप,जहर पीने का भी किया दावा
नैनीताल। भवाली के चर्चित यौन शोषण आरोपी नरेश पांडे के मामले में मंगलवार देर रात उस समय नया घटनाक्रम सामने आया, जब आरोपी नरेश पांडे ने अपने फेसबुक अकाउंट से लाइव प्रसारण किया,और बताया कि पुलिस उसे गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची है।
वही पुलिस के अनुसार फरार चल रहे नरेश पांडे को गिरफ्तार कर लिया है जिस वक्त पुलिस नरेश पांडे के घर पहुंची घर की महिलाओं ने पुलिस को अंदर नहीं जाने दिया,जिसके बाद पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से महिलाओं को रोक कर नरेश पांडे को गिरफ्तार कर लिया।
लाइव वीडियो में नरेश पांडे ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने उनके परिवार, विशेषकर उनकी नाबालिग बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस बिना वारंट उनके घर में दाखिल हुई।
फेसबुक लाइव के दौरान नरेश पांडे ने दावा किया कि उनकी बेटी के साथ धक्का-मुक्की हुई, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और परिवार के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। उन्होंने पुलिस पर दबाव में कार्रवाई करने और उन्हें झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया।
वीडियो में नरेश पांडे ने एक बोतल दिखाते हुए जहर पीने का भी दावा किया और कहा कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। हालांकि, उनके इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और उनकी वर्तमान स्थिति को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि नरेश पांडे के खिलाफ दर्ज यौन शोषण के मामले में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंड हाईकोर्ट का रुख किया,और हाईकोर्ट से भी अग्रिम जमानत याचिका खारिज की गई थी,फिलहाल ये मामला हाईकोर्ट में अभी विचाराधीन है।
वहीं मामले में पुलिस की ओर से इस पूरे घटनाक्रम और फेसबुक लाइव में लगाए गए आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।