भवाली हादसाः मृतकों की हुई पहचान! पति-पत्नी के साथ बेटे और बेटी की मौत, चालक ने भी गंवाई जान

Bhawali accident: The deceased have been identified! Husband, wife, son, and daughter died, and the driver also lost his life.

नैनीताल। नैनीताल जनपद के भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय नागरिकों ने तत्काल संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जानकारी के अनुसार, 21 मई को अपराह्न लगभग 2ः15 बजे भवाली स्थित ढैला गांव से करीब 500 मीटर पूर्व महिंद्रा कार संख्या यूपी 32 क्यू यू 1874 अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल पांच श्रद्धालु सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल पुलिस बल को घटनास्थल के लिए रवाना किया और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एसएसबी और आसपास के ग्रामीणों ने मिलकर खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी पांच शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा, एसडीआरएफ और पुलिस बल की टीमें मौजूद रहीं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करती रहीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान खटीमा निवासी 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल, 45 वर्षीय सीमा कैड़ा चुफाल पत्नी भूपेंद्र सिंह चुफाल, 19 वर्षीय वासु चुफाल पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल, 12 वर्षीय रवी पुत्री भूपेंद्र सिंह चुफाल, चालक अनुज कुमार मिश्रा निवासी लखनऊ के रूप में हुई है।