बीसीसीआई जल्द वीवीएस लक्ष्मण को दे सकती है राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी की जिम्मेदारी
राहुल द्रविड़ को टीम इंडिया का हेड कोच बनाने के बाद अब बीसीसीआई भारत के पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण को राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी का प्रमुख बना सकती है। बीसीसीआई प्रमुख सौरव गांगुली ने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि भारत के पूर्व क्रिकेटर सिस्टम में आकर भारत में किक्रेट के खेल को आगे बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने ही द्रविड़ को टीम इंडिया का हेड कोच बनने के लिए राजी किया। अब वो चाहते हैं कि वीवीएस लक्ष्मण एनसीए के हेड का पद संभाले।
सूत्रों ने कहा कि न केवल बीसीसीआई प्रमुख गांगुली बल्कि सचिव जय शाह और अन्य सीनियर अधिकारी भी चाहते हैं कि लक्ष्मण एनसीए के हेड के तौर पर काम करें। क्योंकि बीसीसीआई ने पिछले कुछ सालों में एनसीए प्रमुख के तौर पर द्रविड़ के साथ मिलकर काम किया है। सूत्रो के अनुसार सौरव गांगुली और जय शाह दोनो ही चाहते हैं कि लक्ष्मण एनसीए प्रमुख की भूमिका निभाएं। लेकिन, हां निश्चित तौर पर इस पर अंतिम फैसला लक्ष्मण को ही लेना है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह एनसीए प्रमुख की जिम्मेदारी संभालने की रेस में सबसे आगे हैं। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि उनके राहुल द्रविड़ के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। यह बहुत ही अच्छा कॉम्बिनेशन होगा कि दोनों भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने का काम करें। गौरतलब है कि द्रविड़ टीम इंडिया के हेड कोच के तौर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से काम करेंगे। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या लक्ष्मण नई भूमिका के लिए सहमत होते हैं।