अयोध्या: नामित पार्षदों के शपथ ग्रहण के बहाने नारी अभिनंदन का हुआ कार्यक्रम, अनुपस्थिति ने खड़े किए सवाल
अयोध्या I अयोध्या नगर निगम के नामित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सर्किट हाउस सभागार में आयोजित किया गया, लेकिन यह कार्यक्रम अपनी अपेक्षित गंभीरता के बजाय कई सवालों और चर्चाओं का केंद्र बन गया। समारोह के दौरान कई पार्षदों की अनुपस्थिति ने पूरे आयोजन की गरिमा पर प्रश्नचिह्न लगा दिया। वहीं, इसी मंच का उपयोग करते हुए नारी अभिनंदन कार्यक्रम भी औपचारिक रूप से पूरा कर लिया गया, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह में नगर निगम के कई प्रमुख पार्षद और महानगर इकाई के पदाधिकारी मौजूद नहीं थे। इतना ही नहीं, कार्यसमिति के कई सदस्य भी कार्यक्रम से नदारद रहे, जिससे संगठनात्मक सक्रियता पर सवाल उठने लगे हैं। इस बीच, नारी अभिनंदन कार्यक्रम को भी उसी आयोजन के साथ जोड़कर पूरा करना कई लोगों को सिर्फ औपचारिकता निभाने जैसा प्रतीत हुआ।बताया जा रहा है कि लगातार मिल रहे निर्देशों के दबाव में महानगर इकाई ने किसी तरह कार्यक्रम का कोरम पूरा किया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने जिले में राजनीतिक चर्चा को तेज कर दिया है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि क्या कार्यक्रमों को सिर्फ दिखावे के लिए आयोजित किया जा रहा है, या फिर संगठन के भीतर समन्वय की कमी है।इस पूरे मामले में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव की भूमिका भी चर्चा के केंद्र में आ गई है। उनकी नेतृत्व क्षमता और संगठन पर पकड़ को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। विपक्षी दलों के साथ-साथ आम जनता भी इस आयोजन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रही है। कुल मिलाकर, यह आयोजन जहां एक ओर प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा था, वहीं दूसरी ओर इसने संगठनात्मक स्थिति और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।