सावधान ! उत्तराखंड में भी लगातार बढ़ रहा प्रदूषण का ग्राफ, प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स का बढ़ा ग्राफ
देश की राजधानी दिल्ली की तरह अब उत्तराखंड में भी दीपावली से पहले वायु प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी की खबर सामने आई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) पोस्ट दीपावली मॉनिटरिंग के आंकड़े जारी किए हैं, जो प्रदेश और प्रदेश के लोगों के लिए चिंताजनक हैं। राज्य के पांच प्रमुख शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स एक्यूआई इस दौरान काफी बढ़ा है। इसमें सबसे ज्यादा रुद्रपुर में 10 अंकों का उछाल आया है।
जानकारी के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, काशीपुर, रुद्रपुर और हल्द्वानी में दीपावली से सात दिन पहले और बाद का प्रदूषण नापा जा रहा है। इसमें 28 अक्तूबर को दून के नेहरू कालोनी में एयर क्वालिटी इंडेक्स 110 था, जबकि दो नंवबर को ये 119 हो गया। वही 10 अंकों के उछाल के साथ सबसे ज्यादा जनपद ऊधम सिंह नगर के जिलामुख्यालय रुद्रपुर में 28 अक्तूबर को 104 और दो नवंबर को 114 हुआ हैं। हरिद्वार में 28 अक्तूबर को 173 और दो नंबवर को 182 हो गया। काशीपुर में 28 अक्तूबर को एक्यूआई 108 और दो नवंबर को 116, और हल्द्वानी में 28 अक्तूबर को 110 और दो नवंबर को 121 दर्ज किया गया। जबकि ऋषिकेश में एक्यूआई 28 अक्तूबर को 115 तो दो नंवबर को 119 पाया गया है। इसके पीछे लगातार पटाखे फोड़ने, बारिश नहीं होने और बाजारों में भीड़ को वजह बताया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, इससे सांस के रोगियों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को दिक्कत हो सकती है। लगातार प्रदूषण की मॉनिटरिंग की जा रही है।