विधानसभा चुनाव परिणामः हरियाणा में पल-पल बदल रहे आंकड़े! पहले कांग्रेस तो अब भाजपा निकली आगे, जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन आगे

Assembly Election Results: Figures changing every moment in Haryana! First Congress then BJP now ahead, Congress alliance ahead in Jammu and Kashmir

नई दिल्ली। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए आज मंगलवार को वोटों की गिनती जारी है। शुरूआती रूझानों में हरियाणा में बाजी पलटती दिख रही है। रोचक बात ये है कि यहां पल-पल बाजी पलट रही है। कुछ देर पहले तक हरियाणा में कांग्रेस आगे थी, वहीं  अब भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं जम्मू कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन आगे चल रहा है। दोनों राज्यों के चुनाव नतीजों पर इसलिए भी नजर है क्योंकि ये नतीजे आगामी राज्यों के चुनाव पर भी असर डाल सकते हैं। जम्मू कश्मीर में 90 सीटों के लिए तीन फेज में वोटिंग हुई थी। वहीं हरियाणा में सिर्फ एक फेज यानी 5 अक्तूबर को मतदान हुआ था। हरियाणा में रुझानों में मुकाबला रोचक बन गया है। दरअसल कुछ समय पहले तक कांग्रेस स्पष्ट बहुमत की तरफ बढ़ती दिख रही थी, लेकिन अब बाजी पलट गई है। सुबह 10 बजे के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा अब 46 सीटों पर आगे हो गई है। वहीं कांग्रेस पिछड़कर 39 सीटों पर आगे रह गई है। इनेलो गठबंधन 2 सीटों पर और अन्य तीन सीटों पर आगे हैं। दरअसल, हरियाणा के रुझानों में सुबह 8 बजे से 9:40 बजे तक कांग्रेस ही आगे थी। सौ मिनट में ही बाजी पलटती दिखी। रुझानों में भाजपा आगे हो गई। सुबह 10:10 बजे चुनाव आयोग के रुझानों में भी भाजपा को बहुमत मिल गया। आयोग के आंकड़ों में भाजपा 46 सीटों पर आगे हो गई, वहीं कांग्रेस 33 सीटों पर आगे थी। मतदान केंद्रों से आ रही जानकारी के मुताबिक, कई सीटें अभी ऐसी हैं, जहां मतगणना में भाजपा-कांग्रेस के बीच महज एक हजार वोटों का फर्क है।