देहरादून में एक और कत्लः बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर युवक की हत्या! शराब पीने के बाद हैवान बने दोस्त, शव को लगाया ठिकाने

Another murder in Dehradun: A young man was beaten to death with a baseball bat! Friends turned violent after drinking and disposed of the body.

देहरादून। राजधानी देहरादून से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां एक और मर्डर से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। इस वारदात के बाद कानून व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला बसंत विहार थाना इलाके का है, यहां नशे में धुत तीन लोगों ने युवक की बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसकी लाश को ठिकाने लगा दिया। दरअसल युवक की हत्या का पता तब चला जब उसके परिवार ने देहरादून नगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि जिस युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, उसकी हत्या कर दी गई थी। हालांकि पुलिस को अभी तक लाश नहीं मिली है। पुलिस को आरोपियों से लाश के बारे में जानकारी मिली है और वो जल्द ही उसे बरामद कर लेंगे। पुलिस की ओर से जानकारी मिली कि दिगंबर धीमान के खिलाफ 2021 में बसंत विहार थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। इस मामले में दिगंबर धीमान को जमानत भी मिल गई थी। 9 फरवरी को दिगंबर धीमान की देहरादून कोर्ट में पेशी थी, जिसके लिए वो अपने पिता के साथ 9 फरवरी को कोर्ट गया था। वहां रजिस्टर में उसके साइन भी हैं, लेकिन किसी कारण उसकी पेशी नहीं हो पाई। पुलिस के अनुसार कोर्ट से निकलने के बाद दिगंबर धीमान ने अपने पिता को घर भेज दिया और कहा कि वो शाम तक घर वापस आ जाएगा, लेकिन देर शाम तक भी वो घर नहीं लौटा। दिगंबर धीमान ने अपने पिता को बताया था कि वो दोस्तों के साथ बाहर जा रहा है। परिवार ने दिगंबर धीमान को बहुत ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला। आखिर में 11 फरवरी को दिगंबर धीमान के पिता ने देहरादून नगर कोतवाली में बेटे के गुमशुदगी की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच और लोकेशन के आधार पर तीनों आरोपियों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो चौंकाने वाली बात सामने आई। पुलिस के अनुसार दिगंबर की उसके दोस्तों ने हत्या कर दी और उसका शव भी ठिकाने लगा दिया था।