एक और पति का कत्लः सोनम और सिया के बाद अब सतना की आंचल के कारनामों ने फैलाई दहशत! प्यार में बाधा बना पति तो पत्नी ने करा दी हत्या, 3 महीने बाद मिला कंकाल
नई दिल्ली। सोनम और सिया के बाद अब सतना की आंचल ने प्रेम प्रसंग के चलते अपने पति की निर्मम हत्या कर दी। मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र से तीन महीने पहले लापता हुए युवक विपिन कुमार यादव की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने जो खुलासा किया है उसे सुनकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। पुलिस की सघन जांच में सामने आया कि युवक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी ही पत्नी आंचल यादव ने अपने प्रेमी सुनील कुशवाहा के साथ मिलकर कराई थी। शादी से पहले से चल रहे प्रेम प्रसंग के कारण दोनों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। योजना के मुताबिक प्रेमी सुनील अपने साथी संदीप बहरोलिया के साथ मिलकर विपिन को घुमाने के बहाने ले गया और उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से शव को पहले एक कुएं में फेंक दिया था, लेकिन जब पुलिस की जांच तेज हुई तो उन्होंने शव को कुएं से निकालकर जमीन में दफन कर दिया था। पुलिस ने कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में दफन किए गए स्थान की खुदाई करवाकर मृतक का शव बरामद कर लिया है। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी पत्नी आंचल यादव और उसके प्रेमी सुनील कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक युवक विपिन यादव 26 मार्च को गायब हो गया था। उसके पिता द्वारा उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आए कि उसकी पत्नी टीकर की रहने वाली थी और उसका टीकर के ही एक व्यक्ति के साथ में अवैध संबंध थे। शक के आधार पर मृतक की पत्नी को हिरासत में ले लिया गया और कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने पूरा राज उगल दिया। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पुलिस ने मजिस्ट्रेट से परमिशन लेकर शव उत्खनन की कार्रवाई की गई है। उत्खनन की कार्रवाई के दौरान कंकाल बरामद हुआ है। फिलहाल मामले में महिला और उसके प्रेमी को न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद जेल भेज दिया गया है।