अंकिता भंडारी हत्याकाण्डः नैनीताल में महिला कांग्रेस का जबरदस्त प्रदर्शन! विधायक आवास का किया घेराव, सरकार से पूछा- वीआईपी कौन?

Ankita Bhandari murder case: Mahila Congress staged a massive protest in Nainital! They surrounded the MLA's residence and asked the government, "Who is the VIP?"

नैनीताल। उत्तराखण्ड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला इन दिनों प्रदेशभर में गरमाया हुआ है। मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर कांग्रेस लगातार सड़कों पर उतर रही है। आज जहां देहरादून में विभिन्न राजनीतिक दलों व संगठनों से जुड़े लोगों ने रैली निकाली, वहीं सरोवर नगरी नैनीताल में महिला कांग्रेस ने विधायक सरिता आर्य के आवास का घेराव किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहीं और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इधर प्रदर्शन को देखते हुए विधायक आवास के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में विधायक सरिता आर्य नैनीताल क्लब में प्रवास कर रही हैं। इसके बावजूद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महिला कांग्रेस कार्यकर्ता विधायक के आवास क्षेत्र तक पहुंचने में सफल रहीं।
इस दौरान जिला अध्यक्ष खष्टी बिष्ट के नेतृत्व में कई घंटों तक धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की गई। इस अवसर पर खष्टी बिष्ट ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल कथित वीआईपी के नामों को लेकर प्रदेश सरकार की चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसी प्रभावशाली व्यक्ति को बचाने का प्रयास कर रही है। जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार को जनता को यह बताना चाहिए कि आखिर वह वीआईपी कौन है? जिसका नाम अब तक उजागर नहीं किया गया है। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सीबीआई जांच की घोषणा नहीं की गई और वीआईपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।