अल्मोड़ाः ऐना गांव हत्याकांड का खुलासा! दो माह पहले शादी समारोह में हुआ था विवाद, रंजिश के चलते दिया वारदात को अंजाम, हत्यारोपी जगत सिंह बोरा गिरफ्तार

Almora: Aina village murder case solved! The crime was committed due to a long-standing grudge stemming from a dispute at a wedding ceremony two months ago; the accused, Jagat Singh Bora, has been ar

रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत तहसील अंतर्गत कुंवाली क्षेत्र के ऐना गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे का घन (हथौड़ा) और चाकू भी बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दो माह पुरानी आपसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 की रात को मजखाली चौकी के माध्यम से सूचना मिली कि ऐना गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई है, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी चन्द्रशेखर घोडके, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह तथा सीओ रानीखेत भावना कैंथोला स्वयं घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मामले की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच सुनिश्चित करने के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कराए। आज 11 जुलाई को मृतक सागर सिंह के फुफेरे भाई नीरज बोरा ने कोतवाली रानीखेत में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव निवासी जगत सिंह बोरा ने सागर सिंह के गले पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंची जानकी देवी और शोभा देवी पर भी आरोपी ने हथौड़े और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 और 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी 35 वर्षीय जगत सिंह बोरा पुत्र पान सिंह बोरा, निवासी ग्राम ऐना, रानीखेत को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि करीब दो महीने पहले एक शादी समारोह के दौरान उसके दोस्त और मृतक के बीच विवाद और कहासुनी हुई थी। उसी घटना से उपजी रंजिश उसके मन में बनी हुई थी। इसी बदले की भावना में उसने योजनाबद्ध तरीके से सागर सिंह पर चाकू और लोहे के घन से हमला कर उसकी हत्या कर दी तथा बीच-बचाव करने आई दोनों महिलाओं को भी घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का घन और चाकू बरामद कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य सभी पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है। एसएसपी चन्द्रशेखर घोडके ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।