उत्तराखण्ड में बारिश को लेकर बड़ा अलर्टः मैदानी जिलों में गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना! केदारनाथ यात्रा मार्गों पर बढ़ाई गई निगरानी, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम?
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग द्वारा राज्य के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। खासकर चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव रुद्रप्रयाग जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी होने के बाद जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए विशेष एहतियाती कदम उठाए हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय जनपदों के साथ-साथ हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिले के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि मैदानी जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रुद्रप्रयाग जिले में भारी वर्षा और प्रतिकूल मौसम की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर संचालित सभी श्रद्धालुओं को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थलों और सुरक्षित स्थानों पर रोके जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सोनप्रयाग, गौरीकुंड और भूस्खलन संभावित संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात सेक्टर अधिकारियों को मौसम सामान्य होने तक यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना से बचा जा सके। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौसम की स्थिति और केदारनाथ यात्रा मार्ग की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रुकने को कहा गया है।