बड़ी उपलब्धिः अल्मोड़ा की एक और बेटी ने बढ़ाया मान! नम्रता साह ने फतह किया ‘मेरा पीक’, अंतरराष्ट्रीय अभियान में बनीं एकमात्र भारतीय महिला

A major achievement: Another daughter of Almora has brought honor to the nation! Namrata Sah conquered "Mera Peak," becoming the only Indian woman to complete an international expedition.

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा की एक और बेटी ने देश-प्रदेश का नाम रोशन किया है।  जनपद के खत्याड़ी निवासी नम्रता साह ने नए साल पर नेपाल स्थित 6,476 मीटर ऊंची ‘मेरा पीक’ को सफलतापूर्वक फतह किया है। उनकी इस उपलब्धि से प्रशंसकों में खुशी की लहर है। बता दें कि विश्व के सर्वाधिक ऊंचे ट्रेकिंग पीकों में गिने जाने वाले इस शिखर पर चढ़ाई उच्च हिमालयी पर्वतारोहण की दृष्टि से एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। जानकारी के मुताबिक नम्रता का यह शिखरारोहण सात सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत संपन्न हुआ, जिसमें 1 जनवरी 2026 को शिखर तक पहुंचने वाली नम्रता साह एकमात्र भारतीय महिला रहीं। अत्यंत कठिन मौसम, कम ऑक्सीजन और चुनौतीपूर्ण भू-भाग के बावजूद उनकी यह सफलता उनके अदम्य साहस, शारीरिक सहनशक्ति और मानसिक दृढ़ता का प्रमाण है। नम्रता साह एक सेना अधिकारी की पत्नी हैं। इससे पहले साल 2025 में उन्होंने एवरेस्ट बेस कैंप ट्रेक सफलतापूर्वक पूरा किया था, जहां वे 14 सदस्यीय दल में एकमात्र महिला थीं, जिन्होंने एवरेस्ट बेस कैंप के साथ-साथ काला पत्थर शिखर तक भी पहुंच बनाई थी। बताया जाता है कि पर्वतारोहण के अतिरिक्त नम्रता साह को यात्रा, साहसिक गतिविधियों और चित्रकला में विशेष रुचि है, जो उनके व्यक्तित्व में शारीरिक अनुशासन और रचनात्मकता का सुंदर संतुलन दर्शाती है।