उत्तराखण्ड में हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री का खुलासाः सौतेले भाई ने प्रॉपर्टी के लिए दी थी सुपारी! पुलिस की गिरफ्त में आया यूपी का कुख्यात शार्प शूटर, प्रेमिका फरार

A high-profile murder mystery has been solved in Uttarakhand: A stepbrother hired him to kill a property! A notorious sharpshooter from Uttar Pradesh has been arrested, while his girlfriend is abscon

देहरादून। राजधानी देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्र स्थित जाखन में एक वर्ष पूर्व हुए बहुचर्चित अजय बटेजा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर रजत उर्फ जैकी को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अजय बटेजा की हत्या किसी बाहरी दुश्मनी का परिणाम नहीं थी, बल्कि इस खौफनाक साजिश की पटकथा उनके सौतेले भाई अमित बटेजा ने करोड़ों की संपत्ति हथियाने के लिए लिखी थी। हत्या को अंजाम देने के लिए उसने कुख्यात शूटर को सुपारी दी और बदले में जाखन स्थित संपत्ति में आधा हिस्सा देने का लालच दिया था। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 26 मई 2025 को जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई अजय बटेजा की कृष्णा विहार कॉलोनी, जाखन स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से कई संदिग्धों से पूछताछ की। इसी बीच पश्चिमी यूपी के कुख्यात अपराधी रजत उर्फ जैकी का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे मुजफ्फरनगर से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी बताई, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोपी ने खुलासा किया कि अजय बटेजा और उनके सौतेले भाई अमित बटेजा के बीच कई वर्षों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। अजय के पास देहरादून और मसूरी में करोड़ों की प्रॉपर्टी थी। अमित का आरोप था कि इन संपत्तियों में उसके पिता का पैसा भी लगा है, लेकिन अजय उसे हिस्सा देने को तैयार नहीं था। अमित को लगता था कि अजय संपत्ति को ऐशो-आराम में उड़ा रहा है। 23 मई 2025 को अमित बटेजा आरोपी रजत को मसूरी स्थित अजय की संपत्तियां दिखाने ले गया। इसी दौरान उसने रजत को अपने सौतेले भाई को रास्ते से हटाने का प्रस्ताव दिया और बदले में जाखन स्थित संपत्ति का आधा हिस्सा देने का लालच दिया। लालच और आपराधिक मानसिकता के चलते रजत इस साजिश में शामिल हो गया।

हत्या की योजना को अंतिम रूप देने के लिए 25 मई 2025 को रजत अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ सहारनपुर में अमित बटेजा से मिला। यहां चारों ने हत्या की पूरी योजना तैयार की। इसके बाद आरोपी अपनी प्रेमिका, अमित और अपने साथी नीरज के साथ देहरादून पहुंचा। नीरज को हत्या की साजिश की भनक तक नहीं थी। सभी अजय बटेजा के जाखन स्थित घर पर रुके। रात करीब एक बजे योजना के मुताबिक अमित ने नीरज को बहाने से घर से बाहर ले जाकर कार में बैठा लिया। उधर रजत और उसकी प्रेमिका जोया ने अजय बटेजा को शराब पिलाई। जब अजय अत्यधिक नशे की हालत में पहुंच गया तो आरोपी ने तकिए से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। नशे की हालत में अजय ज्यादा विरोध नहीं कर पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटकाने की कोशिश की, लेकिन जल्दबाजी में सफल नहीं हो सका। तभी उसकी नजर घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी।

पकड़े जाने के डर से उसने कैमरे की डीवीआर निकाल ली और अपनी प्रेमिका के साथ ऑटो से आईएसबीटी पहुंचकर बस से सहारनपुर फरार हो गया। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रजत उर्फ जैकी सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ शामली, सहारनपुर और अन्य जिलों में हत्या, हत्या के प्रयासए लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फरार मुख्य आरोपी अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे पर आईजी गढ़वाल ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये और एसएसपी देहरादून ने ढाई हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।