देहरादून में दिनदहाड़े गैस एजेंसी मालिक की गोली मारकर हत्या, 14 दिनों में चौथा मर्डर से दहली राजधानी

A gas agency owner was shot dead in broad daylight in Dehradun, the fourth murder in 14 days that has shaken the capital.

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बुधवार को व्यस्त तिब्बती मार्केट क्षेत्र में दिनदहाड़े 40 वर्षीय गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के साथ ही देहरादून जिले में 14 दिनों के भीतर यह चौथा हत्याकांड है, जिससे शहर में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान डालनवाला कोतवाली क्षेत्र के तिब्बती मार्केट के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अर्जुन को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्जुन शर्मा आईटीबीपी क्षेत्र के निवासी थे और जीएमएस रोड स्थित ‘अमर दीप’ नाम से भारत गैस एजेंसी का संचालन करते थे। वह एक रिटायर्ड कर्नल के बेटे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे शहर में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी के निर्देश पर कई टीमें गठित की गई हैं।प्रारंभिक जांच में हत्याकांड के पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि मृतक के परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था और उनकी मां ने पूर्व में जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी। पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।गौरतलब है कि 29 जनवरी से अब तक देहरादून जिले में चार हत्याएं हो चुकी हैं, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

देहरादून जिले में 14 दिन के अंदर हुए 4 हत्याकांड
29 जनवरी को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या
31 जनवरी को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या
02 फरवरी को देहरादून में युवती की गला रेतकर हत्या
11 फरवरी को देहरादून में 40 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या