यहां जेल में लगी भीषण आग, 41 कैदी जिंदा जले

A fierce fire broke out in the jail here, 41 prisoners burnt alive

जकार्ता। इंडोनेशिया में आज सुबह एक जेल में भयानक आग लग गयी। अग्निकाण्ड की इस घटना में करीब 41 कैदियों की मौत हो गई, वहीं 39 अन्य झुलस गए। न्याय मंत्रालय के सुधार विभाग के प्रवक्ता रिका अपरिआंती ने कहा कि यह आग राजधानी के बाहरी इलाके में स्थित तांगेरांग जेल के (सी) ब्लॉक में लगी। इस जेल में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अपराधियों को रखा जाता है। अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। बताया जाता है कि इस जेल की क्षमता 1225 कैदियों को रखने की है लेकिन यहां दो हजार से अधिक कैदियों को रखा गया था। आग लगने के वक्त जेल के (सी) ब्लॉक में 122 कैदी थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और सैनिकों को आग बुझाने के काम में लगाया गया। प्रवक्ता ने बताया कि कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका और सभी कैदियों को अस्पताल पहुंचाया गया। इंडोनेशिया में जेल तोड़ने या इस तरह के हादसों की खबरें अक्सर सुनने में आती रहती हैं। इसके लिए जेल में क्षमता से अधिक कैदियों की संख्या जिम्मेदार है क्योंकि जेलों को सरकार की तरफ से पर्याप्त फंडिंग नहीं मिलती और आए दिन अवैध ड्रग्स के मामलों में ढेरों लोगों को गिरफ्तार किया जाता है। सितंबर के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक जकार्ता के पास तांगेरांग की जेल में 2000 से अधिक कैदी थेए जो इसकी क्षमता से कहीं ज्यादा है।