होली से पहले मौत का तांडवः यूपी में सनकी युवक ने माता-पिता, बहन और दादी को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट! घटना से गांव में सनसनी, वजह जानकर पुलिस भी हैरान
बहराइच। यूपी के बहराइच से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, यहां एक सनकी युवक ने होली से पहले खूनी खेल खेलकर हर हर तरफ सनसनी फैला दी है। युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने माता-पिता, बहन और दादी को कुल्हाड़ी से काट डाला, जिसमें चारों की मौत हो गई है। मामला बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर उदल ग्राम पंचायत के मजरे रामनगर का है। बताया जाता है कि जमीन बिक्री की रकम न मिलने के विवाद में एक युवक ने वारदात को अंजाम दिया। वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आए बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला किया गया। पुलिस को मिली तहरीर के अनुसार, वादी गुरूदेव पुत्र बदलूराम वर्मा ने बताया कि रात करीब 12 बजे उन्हें घर के भीतर से शोर-शराबे और चीखने की आवाज सुनाई दी। जब वह अपने कमरे से बाहर निकले तो देखा कि उनका छोटा भाई निरंकार, पिता द्वारा बेची गई जमीन और गहनों की रकम न दिए जाने को लेकर विवाद कर रहा था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि निरंकार ने आवेश में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और माता-पिता, दादी तथा बहन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
हमले में चारों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गुरूदेव ने जब बीच-बचाव की कोशिश की तो निरंकार ने उनके सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। मौके पर वादी का पुत्र आजाद भी मौजूद था, जिसने पूरी घटना देखी। गुरूदेव के अनुसार जब उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। इस बीच निरंकार ने खुद के सिर पर ईंट से कई बार प्रहार कर खुद को भी घायल कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर रूपईडीहा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। गंभीर रूप से घायल सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई, लेकिन चिकित्सकों ने बदलू राम पुत्र राम फेरन, संजू देवी पत्नी बदलू राम, पार्वती पुत्री पतलू राम और सिताला पत्नी राम फेरन को मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मौके से ही आरोपी निरंकार को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।