पीएम मोदी की अगुवाई में आज सीसीएस की अहम बैठक, राष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर ऊर्जा आपूर्ति तक बड़े फैसलों की तैयारी
नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज राजधानी दिल्ली में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की अहम बैठक होने जा रही है। सुबह 11:30 बजे निर्धारित इस बैठक में देश की राष्ट्रीय सुरक्षा, वैश्विक हालात और अर्थव्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति और केंद्रीय कैबिनेट की बैठकों को भी संबोधित करेंगे, जिससे आज का दिन नीतिगत दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर साफ नजर आ रहा है। भारत सरकार इन हालातों के देश की अर्थव्यवस्था, ऊर्जा आपूर्ति और आम नागरिकों की जरूरतों पर पड़ने वाले प्रभाव का गहन आकलन कर रही है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री 1 अप्रैल को सीसीएस की विशेष बैठक कर चुके हैं, जिसमें मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच रणनीतिक कदमों पर चर्चा हुई थी। सरकारी सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने देश में कोयला भंडार को पर्याप्त स्तर पर बनाए रखने के साथ ही वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बिजली उत्पादन और खाद्य सुरक्षा पर किसी प्रकार का संकट न उत्पन्न हो। बैठक में पेट्रोलियम उत्पादों, एलएनजी और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा।इसके अलावा, बैठक में उर्वरकों की उपलब्धता, खरीफ और रबी फसलों की तैयारियों, किसानों की जरूरतों और बिजली उत्पादन के लिए कोयला भंडारण की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी। सरकार का लक्ष्य यह है कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद देश के भीतर आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस उच्चस्तरीय बैठक में लिए जाने वाले फैसले आने वाले समय में भारत की आर्थिक स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत दिशा दे सकते हैं। ऐसे में देश की नजरें आज होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हुई हैं।