रुद्रपुर में आज विकास और संस्कृति का संगम: सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे सरस मेले का शुभारंभ, मिस्र का ‘तनुरा डांस’ बनेगा खास आकर्षण

A confluence of development and culture in Rudrapur today: CM Pushkar Singh Dhami will inaugurate the Saras Mela, Egypt's 'Tanura Dance' will be a special attraction

रुद्रपुर में आज विकास कार्यों और सांस्कृतिक विविधता का भव्य संगम देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुद्रपुर दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। अपने दौरे की शुरुआत में मुख्यमंत्री त्रिशूल चौक का लोकार्पण करेंगे और कांवड़ियों का स्वागत करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे गांधी मैदान में आयोजित 10 दिवसीय सरस आजीविका मेला-2026 का विधिवत उद्घाटन करेंगे। सरस आजीविका मेले को लेकर इस बार लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मेले का सबसे बड़ा आकर्षण मिस्र का पारंपरिक और आध्यात्मिक ‘तनुरा डांस’ रहेगा, जो अपनी रंग-बिरंगी घूमती लयों और आध्यात्मिक संदेश के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। इस नृत्य में कलाकार गोल और भारी बहुरंगी स्कर्ट पहनकर लगातार घूमते हुए प्रस्तुति देते हैं। स्कर्ट के विभिन्न रंग जीवन, प्रकृति और ब्रह्मांड के प्रतीक माने जाते हैं। ढोल, बांसुरी और पारंपरिक वाद्यों की मधुर ताल पर प्रस्तुत यह नृत्य आत्मिक शांति, संतुलन और ईश्वर से जुड़ाव का संदेश देता है। दर्शक इस अनूठी प्रस्तुति को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

मेले में स्थानीय और विभिन्न राज्यों से आए ग्रामीण कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों द्वारा तैयार हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री भी होगी। यह आयोजन ग्रामीण हुनर को पहचान दिलाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का सशक्त मंच प्रदान करेगा। मेले में कार्निवाल, सांस्कृतिक संध्याएं, कवि सम्मेलन, स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल और अन्य मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के अनुसार, इस बार मेले को विशेष रूप से सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक एकता की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। मिस्र का तनुरा डांस मुख्य आकर्षण रहेगा, जो न केवल मनोरंजन करेगा बल्कि विश्व शांति और सांस्कृतिक समन्वय का संदेश भी देगा। मुख्यमंत्री सरस मेले के शुभारंभ के बाद नगर निगम रुद्रपुर के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके पश्चात वे नगला तराई खटीमा के लिए प्रस्थान करेंगे। रुद्रपुर में आज का दिन विकास और संस्कृति के नाम रहने वाला है।