सड़क पर 'रफ़्तार' और 'रौब' की टक्कर: भीमताल में बाइक में फंसा तेंदुआ,पति-पत्नी ने दुकान में छिपकर बचाई जान

A Collision of 'Speed' and 'Intimidation' on the Road: Leopard Gets Stuck in Motorcycle in Bhimtal; Husband and Wife Save Their Lives by Hiding in a Shop

भीमताल। नैनीताल के भीमताल क्षेत्र में देर रात एक ऐसी घटना घटी जिसने न केवल राहगीरों के होश उड़ा दिए, बल्कि वन्यजीव और मानव संघर्ष की एक डरावनी तस्वीर भी पेश की। खुटानी इलाके में एक तेज रफ्तार बाइक और सड़क पार कर रहे तेंदुए (गुलदार) के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेंदुआ बाइक के पुर्जों में ही फंस गया।

सूझबूझ से टला बड़ा हादसा जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक एक तेंदुआ झाड़ियों से निकलकर सड़क पार करने लगा और सीधे चलती बाइक से जा टकराया। टक्कर लगते ही बाइक सवार दंपति सड़क पर गिर पड़े। गनीमत रही कि दंपति गंभीर रूप से घायल नहीं हुए। होश संभालते ही जब उन्होंने बाइक में फंसे घायल तेंदुए को छटपटाते देखा, तो बिना वक्त गंवाए पास की एक दुकान में घुसकर अपनी जान बचाई। घंटों मची रही अफरा-तफरी तेंदुए के बाइक में फंसने की खबर आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा और सड़क पर लंबा जाम लग गया। लोग घायल तेंदुए की तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए को सुरक्षित निकालने के लिए रानीबाग से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई, जिसने घंटों की मशक्कत के बाद तेंदुए को रेस्क्यू कर रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा।