रुद्रपुर में भाजपा विधायक के करीबी पर लगे वसूली के गंभीर आरोप! डंपर स्वामी ने खोली पोल-पट्टी, पुलिस तक पहुंचा मामला
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने भाजपा के ‘जीरो टॉलरेंस’ वाले दावों की पोल खोलकर रख दी है। दरअसल, रुद्रपुर में भाजपा से जुड़े एक युवक पर वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। चर्चा है कि उक्त युवक भाजपा विधायक का करीबी है।
मामले के अनुसार ग्राम जाफरपुर निवासी राम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वाहन संख्या यूके 06 सीसी 3030 और यूके 15 सीए 2858 का स्वामी है और पिछले कुछ माह से इंद्रा कॉलोनी निवासी विकास सागर उनसे वाहनों में रेता एवं बजरी आदि की ढुलाई के नाम पर प्रतिमाह सत्तर हजार रूपए की फिरौती ले रहा है। आरोप है कि विकास सागर द्वारा उन्हें यह आश्वासन दिया गया था कि अगर पुलिस या अन्य किसी विभाग द्वारा उसके वाहन ओवरलोडिंग या कागजों की कमी आदि में पकड़े जाते हैं तो वह अपने प्रभाव से बिना किसी मुआवजे के वाहनों को छुडवाने के लिए जिम्मेदार रहेगा। पीड़ित का कहना है कि उक्त विकास सागर वसूली की रकम नगद रूप में व ऑनलाइन भी लेता आ रहा है। पीड़ित के मुताबिक विगत 14 अप्रैल 2026 को उसका ड्राईवर वाहन को लेकर किच्छा रोड से जा रहा था, तभी पुलिस द्वारा उक्त वाहन को रोककर 77,500 का चालान कर दिया। इस मामले को लेकर जब विकास सागर से बात की गई, तो वह आश्वासन देते हुए बोला कि वह पीड़ित को सीओ साहब के आफिस लेकर जाएगा और पूरा मामला वहीं खत्म करा देगा। इसके बाद जब पीड़ित उक्त विकास सागर को लेकर सीओ सिटी आफिस पहुंचा। जहां विकास सागर सीओ आफिस के अंदर गया और बाहर आकर बोला कि उसने सारी बात कर ली है। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ ले गया और सबूत मिटाने के ईरादे से उसका मोबाइल भी लेकर भाग गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
भाजपा विधायक का करीबी है विकास सागर?
वहीं यह मामला सामने आते ही शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। दरअसल, जिस विकास सागर पर आरोप लगे हैं, वह खुद को भाजपा अनुसूचित मोर्चा, ऊधम सिंह नगर, का जिला महामंत्री बताता है। चर्चा है कि विकास सागर भाजपा विधायक का करीबी है। उनकी कुछ तस्वीरे भी सामने आई है। फिलहाल इस मामले को लेकर जहां चर्चाओं का बाजार गर्म है, वहीं आने वाले दिनों में सियासी माहौल गरमाने के भी पूरे आसार नजर आ रहे हैं।