‘युवा भारतीय गढ़ रहे देश और दुनिया का भविष्य,छोटे कस्बों-गांवों से निकलकर रचा इतिहास’
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश की युवा शक्ति की जमकर सराहना करते हुए कहा कि आज की नई पीढ़ी न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के भविष्य को नया आकार दे रही है। केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने देश के युवाओं के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयासों, योजनाओं और उनकी अभूतपूर्व उपलब्धियों को रेखांकित किया। पीएम मोदी ने साफ किया कि एनडीए सरकार 'युवाओं के नेतृत्व वाले विकास' को मजबूती से आगे बढ़ा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक विशेष पोस्ट के जरिए देश के युवाओं के प्रति अपना भरोसा जताया। उन्होंने लिखा कि पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल की सबसे बड़ी और खास बात यह रही है कि भारत के युवाओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा हमारी सरकार ने 'स्टार्टअप इंडिया', 'डिजिटल इंडिया', 'स्किल इंडिया' और 'अटल इनोवेशन मिशन' जैसी दूरदर्शी पहलों के जरिए देश में एक ऐसा मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया है, जो इनोवेशन (नवाचार) और एंटरप्रेन्योरशिप (उद्यमशीलता) को सीधा बढ़ावा देता है। पीएम मोदी ने इस बात पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की कि आज भारत दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप डेस्टिनेशंस में से एक बन चुका है। सबसे गौरव की बात यह है कि स्टार्टअप जगत में सफलता की ये बड़ी कहानियां किसी बड़े महानगर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के छोटे कस्बों और गांवों से निकलकर हमारी युवा शक्ति इन कहानियों को लिख रही है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज भारत के युवा पारंपरिक क्षेत्रों से आगे निकलकर अत्याधुनिक और भविष्य के क्षेत्रों में अपनी धाक जमा रहे हैं, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं। विज्ञान और तकनीक,अंतरिक्ष और सेमीकंडक्टर,मैन्युफैक्चरिंग और ड्रोन टेक्नोलॉजी सिर्फ तकनीक और व्यापार ही नहीं, बल्कि खेल के मैदान पर भी भारतीय युवाओं के प्रदर्शन को प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से सराहा। उन्होंने कहा कि कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में युवा भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार देश का गौरव बढ़ाया है। देश में खेलों का एक मजबूत इकोसिस्टम, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचा) और खिलाड़ियों को मिल रहा चौतरफा समर्थन आज युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है और उन्हें खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। मोदी सरकार के शासनकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर देश के विभिन्न हिस्सों में सकारात्मक माहौल है। देहरादून में मीडिया संवाद के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम मोदी के सुरक्षित और दूरदर्शी नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में देश के बदलते स्वरूप और विकास की सराहना की। दिल्ली में भाजपा नेता रेखा गुप्ता ने रेखांकित किया कि इस शासनकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो सरकार की नीतियों की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।