जंतर-मंतर पर भारी बवालः छात्रों और निहंगों के बीच हुई धक्का-मुक्की से माहौल तनावपूर्ण! छात्रों के समर्थन में आईं आलिया भट्ट, धमकी देने वाले पुलिसकर्मी पर बड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली। NEET परीक्षा, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था की खामियों और रोजगार के मुद्दे को लेकर छात्रों और युवाओं का आंदोलन अब दिल्ली से निकलकर देश के कई बड़े शहरों तक पहुंच गया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के नाम से चल रहा छात्र आंदोलन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के कई विपक्षी दलों ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई है। 20 जुलाई को छात्रों और युवाओं ने ‘चलो पार्लियामेंट’ मार्च निकालने की कोशिश की थी। संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बनी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। घटना में कई प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों के टेंट हटाए जाने के बावजूद छात्र दोबारा जंतर-मंतर पहुंचे और बारिश के बीच भी धरना जारी रखा। आंदोलन के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लगातार उठ रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद भूख हड़ताल पर डटे हुए हैं। वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आंदोलन को अनिश्चितकाल तक जारी रखने की बात कही है। उनका कहना है कि छात्रों की मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। दिल्ली के अलावा मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में भी छात्र और युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन में बड़ी संख्या में जेन जी और छात्र शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर प्रभावी कार्रवाई और रोजगार के अवसरों को लेकर सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। इस आंदोलन का असर बिहार में भी देखने को मिला। बेगूसराय में NEET पेपर लीक और जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में हजारों छात्रों और विभिन्न छात्र संगठनों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसी बीच दिल्ली के जंतर-मंतर से सामने आए एक वीडियो में निहंगों और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बहस होती दिखाई दी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।
हालांकि, इस घटना को लेकर किसी बड़े विवाद की सूचना नहीं है। अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर NEET छात्र आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हर छात्र के पीछे उसके परिवार का सपना और वर्षों का संघर्ष जुड़ा होता है। उन्होंने छात्रों के साहस को प्रेरणादायक बताया। उधर, मुंबई में प्रदर्शनकारियों को कथित तौर पर फर्जी ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देने वाले एक पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने तक वीडियो में नजर आ रहे पुलिस ड्राइवर को उसकी मौजूदा तैनाती से हटा दिया गया है। वायरल वीडियो को मुंबई कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से साझा किए जाने के बाद मामला चर्चा में आया। मुंबई पुलिस के डीसीपी अकबर पठान ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच के आदेश दिए गए हैं और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहा पुलिसकर्मी मोटर व्हीकल विभाग से जुड़ा कांस्टेबल पवन सांगले है, जो वर्तमान में सायन पुलिस स्टेशन में तैनात है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच छात्र आंदोलन लगातार विस्तार ले रहा है और अब सरकार के सामने छात्रों की मांगों को लेकर समाधान निकालने की चुनौती बढ़ती जा रही है।