ये कैसा घमासानः देहरादून में युवक ने कांग्रेस नेत्री पर लगाए उत्पीड़न के आरोप! आरुषि सुंदरियाल ने सोनिया आनंद पर फोड़ा ठीकरा, जानें क्या है ऑडियो का सच?

देहरादून। उत्तराखण्ड कांग्रेस में इनदिनों एक अलग ही तरह का घमासान मचा हुआ है। राजधानी दून में कांग्रेस पदाधिकारियों के बीच अंतकलह का मामला सुर्खियों में है। ये मामला उस समय सामने आया है जब एक कांग्रेस नेत्री पर युवक ने उत्पीड़न का आरोप लगाया। मामले को लेकर युवक और कांग्रेस नेत्री आमने-सामने आ गए हैं और मीडिया के समक्ष खुलकर अपनी बातें रख रहे हैं।
मामले के अनुसार युवक यश रतूड़ी कुछ साल पहले कांग्रेस नेत्री आरुषि सुंदरियाल के यहां कार्यरत था। अब यश रतूड़ी का आरोप है कि कार्यकाल के दौरान कांग्रेस नेत्री आरुषि सुंदरियाल ने कई बार उसपर अनैतिक काम करने के लिए दबाव डाला, लेकिन उसने इंकार कर दिया। युवक का यहां तक कहना है कि कांग्रेस नेत्री आरूषि ने लगातार उसे ब्लैकमेल किया। इस बीच एक कथित ऑडियो भी सामने आया है, जिसको लेकर दावा किया जा रहा है कि यह ऑडियो आरोप लगाने वाले युवक और कांग्रेस नेत्री का है। हांलाकि आवाज 24x7 इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता।
वहीं इस मामले को लेकर कांग्रेस नेत्री आरुषि सुंदरियाल का कहना है कि यश रतूड़ी उसके यहां नौकरी करता था, लेकिन उसकी गलत हरकतों के चलते उन्होंने उसे 2021 में नौकरी से निकाल दिया था। कांग्रेस नेत्री के मुताबिक अब वह उनके विरोधियों के साथ मिलकर काम कर रहा है और उनपर झूठे आरोप लगा रहा है। आरुषि सुंदरियाल ने इसका ठीकरा सोनिया आनंद पर फोड़ा है। उन्होंने कहा कि उनपर यह आरोप तब लग रहे हैं जब सोनिया आनंद के ऊपर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए हैं। बता दें कि कुछ समय पहले कांग्रेस नेत्री आरूषि सुंदरियाल ने सोनिया आनंद पर जबरन फ्लैट में घुसकर मारपीट करने और सामान चोरी करने का आरोप लगाए थे और मुकदमा दर्ज करवाया था। आपको यह भी बता दें कि सोनिया आनंद पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की करीबी मानी जाती हैं।
इधर मामला सामने आने के बाद यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि देहरादून की एक महिला खुद को युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता बता रहीं है, जबकि इस नाम की कोई भी महिला वर्तमान समय में युवा कांग्रेस में इस पद व अन्य किसी भी पदों पर कार्यरत नहीं है। उन्होंने बताया कि विगत 13 मार्च 2023 में उक्त महिला को नेशनल मीडिया पैनललिस्ट में स्थान दिया गया था और नवंबर 2023 में उक्त महिला को उस पद से कार्यमुक्त कर दिया गया था।
वहीं यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर के पत्र जारी करने के बाद कांग्रेस नेत्री आरूषि सुंदरियाल ने कहा कि वह दस साल से कांग्रेस पार्टी में हैं और कई अहम पदों पर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि शायद प्रदेश अध्यक्ष पर कोई दबाव हो, जिसके चलते उन्होंने यह पत्र जारी किए हैं। उन्होंने सोनिया आनंद से भी सवाल किए हैं। फिलहाल यह मामला खासा चर्चाओं में है, जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी पर भी सवाल उठ रहे हैं।