मौसम का बदला मिजाजः राजस्थान में रेत का बवंडर! धूलभरी आंधी से दिन में छाया अंधेरा, उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ लौटी बारिश

Weather changes: Sandstorms in Rajasthan! Dust storms cast a pall of darkness during the day, and rain returns with strong winds in Uttarakhand.

नई दिल्ली/देहरादून। देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट बदली है। जहां राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के बीच तेज धूलभरी आंधी तथा रेत के बवंडर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया, वहीं उत्तराखंड में पिछले 48 घंटों से जारी बारिश, बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत पहुंचाई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल रहा है और आने वाले दिनों में भी इसका प्रभाव जारी रह सकता है। राजस्थान के चूरू जिले में शनिवार दोपहर अचानक मौसम ने ऐसा रुख बदला कि कुछ ही मिनटों में आसमान धूल की चादर से ढक गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच तेज धूलभरी आंधी ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। चूरू शहर के अलावा तारानगर, मेहरी गांव और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ धूल का गुबार छा गया। दोपहर के समय अचानक हवा की गति बढ़ी और देखते ही देखते वातावरण धुंधला हो गया। कई स्थानों पर दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। लोगों को वाहनों की गति धीमी करनी पड़ी, जबकि धूल घरों और दुकानों के भीतर तक पहुंच गई। कुछ समय के लिए सामान्य जनजीवन भी प्रभावित रहा। हालांकि आंधी का प्रभाव कम होने के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लंबे समय से गर्मी की मार झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली और मौसम के इस बदलाव का स्वागत किया। इधर राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर और सीकर जिलों में मौसम का असर और भी ज्यादा देखने को मिला। यहां तेज हवाओं के साथ रेत का विशाल बवंडर उठा, जिससे दिन के समय भी अंधेरा जैसा माहौल बन गया। आसमान में धूल इतनी अधिक फैल गई कि कई स्थानों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। रेत के बवंडर ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया। बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो गई और कई जगहों पर लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों के भीतर शरण ली। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में बने दबाव और तेज हवाओं के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई।

उत्तराखंड में भी मौसम ने दिखाई नरमी
दूसरी ओर उत्तराखंड में भी मौसम ने पिछले दो दिनों से राहत भरा रुख अपनाया हुआ है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को सुबह जहां कई क्षेत्रों में हल्की धूप देखने को मिली, वहीं शाम होते-होते मौसम ने फिर करवट बदल ली। देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी समेत गढ़वाल मंडल के पर्वतीय जिलों और कुमाऊं क्षेत्र के कई हिस्सों में बादल छा गए और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ हुई इस बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली तथा लोगों ने खुले वातावरण में मौसम का आनंद भी लिया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में पिछले करीब 48 घंटों से मौसम लगातार बदल रहा है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी हुई है। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आई है और गर्मी का असर काफी कम हुआ है।