बड़ी खबरः बांग्लादेश में समुद्र तटीय रिसॉर्ट में भीषण आग! 10 लोगों की मौत, बांस-लकड़ी से बनी तीन मंजिला इमारत जलकर खाक
नई दिल्ली। बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी जिले कॉक्स बाजार में शनिवार एक समुद्र तटीय रिसॉर्ट में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हुए हैं। आग इनानी इलाके में मरीन ड्राइव के पास पटुआरटेक बीच के निकट स्थित टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट में लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। दमकल विभाग के प्रवक्ता तल्हा बिन जासिम ने शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे हादसे में 10 लोगों की मौत होने की पुष्टि की। अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब 6:30 बजे लगी थी। उस समय रिसॉर्ट में कई लोग मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। हालांकि, हादसे के समय मौजूद सभी लोगों की स्थिति को लेकर शुरुआती जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार, टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट तीन मंजिला इमारत थी, जिसका निर्माण मुख्य रूप से बांस और लकड़ी से किया गया था। आग लगने के बाद लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते रिसॉर्ट जलकर खाक हो गया। कॉक्स बाजार दमकल विभाग के उप सहायक निदेशक सैयद मुहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग से इमारत पूरी तरह नष्ट हो गई है। यह रिसॉर्ट समुद्र तटीय शहर के प्रवेश मार्ग के पास स्थित है और कोलाटोली से इसकी दूरी करीब 29 किलोमीटर बताई गई है। स्थानीय खबरों के मुताबिक, हादसे के समय रिसॉर्ट में लगभग 30 लोग मौजूद थे। इनमें से चार से पांच लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। अन्य लोगों की स्थिति जानने के लिए अधिकारियों ने जांच और राहत कार्य जारी रखा। हादसे में घायल नौ लोगों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर सबुकतागिन महमूद सोहेल के अनुसार, पांच घायलों के शरीर का करीब पांच प्रतिशत हिस्सा आग से झुलसा है। इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति गिरने से घायल हुआ था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। कॉक्स बाजार के उपायुक्त ए मन्नान ने बताया कि अब तक छह शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने और शव परिजनों को सौंपने से पहले डीएनए नमूने लिए जाएंगे। प्रशासन मृतकों की पहचान और हादसे से प्रभावित लोगों की जानकारी जुटाने में लगा है।