बड़ी खबरः सीबीआई मुख्यालय पहुंचे अंकिता के माता-पिता! अधिकारियों से की मुलाकात, बड़े प्रदर्शन की तैयारी में कांग्रेस
नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अंकिता के माता-पिता ने शुक्रवार को पौड़ी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद अनिल बलूनी के साथ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी अधिकारियों को दी और प्रकरण में जल्द तथा सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले के सभी पहलुओं का परीक्षण करते हुए निष्पक्ष और न्यायसंगत जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी और मां सोनी देवी सांसद अनिल बलूनी के साथ सीबीआई मुख्यालय पहुंचे थे। दोनों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी और मामले में न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। सांसद बलूनी ने उनकी मांग पर सीबीआई अधिकारियों से मुलाकात कराई। वहीं सीबीआई अफसरों ने आश्वासन दिया कि सभी पहलुओं का परीक्षण कर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। गौरतलब है कि दो दिन पहले अंकिता के माता-पिता ने दुष्यंत गौतम को राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध और अंकिता हत्याकांड में जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समर्थन दिया था। अगले दिन तड़के इंडिया गेट पर मौजूद अंकिता के माता-पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। हालांकि, बाद में दोनों को रिहा कर दिया गया। इस कार्रवाई के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने देहरादून में लोक भवन कूच करने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। लोक भवन के गेट पर हंगामे और पुलिस से कथित धक्का-मुक्की के मामले में वरिष्ठ नेताओं समेत 30 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
चुनावी अभियान में अंकिता प्रकरण को धार देगी कांग्रेस
इधर, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। पार्टी वोट चोरी, चंदा चोरी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, गांवों से पलायन और वन्यजीवों के बढ़ते आतंक जैसे मुद्दों को अपने चुनावी अभियान में प्रमुखता से उठाएगी। इसी क्रम में कांग्रेस 27 अक्टूबर को ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा सत्र के पहले दिन विधानसभा का घेराव करेगी। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम देहरादून के होटल हयात सेंट्रिक में हुई बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में पार्टी के प्रांतीय नेताओं ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों और सरकार के खिलाफ उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इस तरह अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर एक ओर जहां उनके माता-पिता न्याय की मांग के लिए जांच एजेंसी के अधिकारियों से मिल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर राजनीतिक दबाव बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है। आने वाले दिनों में यह मामला प्रदेश की सियासत में और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।