जीत का जश्न: मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी! बताया विकासवाद की जीत, बोले - "एक हैं तो सेफ हैं" देश का महामंत्र बन गया है

नई दिल्ली। महाराष्ट्र विधानसभा और यूपी उपचुनाव के परिणाम सामने आने के बाद भाजपा में जश्न का माहौल बना हुआ है। इस बीच राजधानी दिल्ली में बीजेपी की जीत का जश्न मनाया जा रहा है। देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद बीजेपी मुख्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि हम ऐतिहासिक महाविजय का उत्सव मना रहे हैं। महाराष्ट्र में विकासवाद की जीत हुई है। सुशासन की जीत हुई है। सच्चे सामाजिक न्याय की विजय हुई है। झूठ, छल और फरेब की बुरी हार हुई है। विभाजनकारी ताकतों और परिवारवाद की हार हुई है। देश भर के एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं और सबका अभिनंदन करता हूं।
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पिछले 50 साल में पहली बार किसी प्रीपोल अलायंस की इतनी बड़ी जीत है। लगातार तीसरी बार है जब बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को लगातार तीसरी बार सत्ता में मौका दिया है। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। यह बीजेपी के गवर्नेंस मॉडल पर मुहर है। अकेले बीजेपी को भी कांग्रेस और उनके सहयोगियों से कहीं अधिक सीटें महाराष्ट्र के लोगों ने दी है। यह दर्शाता है कि जब सुशासन की बात आती है तो देश सिर्फ बीजेपी और एनडीए पर भरोसा करता है। महाराष्ट्र देश का छठा राज्य है जिसने बीजेपी को लगातार तीन बार जनादेश दिया है। इससे पहले गोवा, गुजरात, हरियाणा और मध्य प्रदेश में हम लगातार तीन बार जीत चुके हैं। बिहार में एनडीए को लगातार तीन बार जनादेश मिला है।
एक हैं तो सेफ हैं, देश का महामंत्र
उद्धव ठाकरे का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने धोखा करके अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की लेकिन महाराष्ट्र जनता ने उन्हें उसकी सजा दे दी है। पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र का यह परिणाम विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए बहुत आधार बनेगा। महाराष्ट्र के चुनाव का संदेश है एकजुटता। एक हैं तो सेफ हैं। ये आज देश का महामंत्र बन चुका है। कांग्रेस और उसके इकोसिस्टम ने सोचा था कि संविधान के नाम पर झूठ बोलकर, आरक्षण के नाम पर झूठ बोलकर, एसटी, एसटी, ओबीसी को छोटे-छोटे समूह में बांट देंगे, वे बिखर जाएंगे। लेकिन उनकी इन साजिशों को महाराष्ट्र ने खारिज कर दिया है। महाराष्ट्र ने कहा दिया है कि एक है तो सेफ हैं।