उत्तराखंड/उत्तरकाशी:जातपात छुआछूत से कब बाहर निकलेंगे?मंदिर में प्रवेश कर भगवान के आगे माथा टेकने पर अनुसूचित जाति के युवक को रातभर बंधक बनाकर की जलती लकड़ी से पिटाई!बसपा ने आंदोलन की चेतावनी
उत्तरकाशी:12/1/2023
आज हम भले ही 21वी सदी की बात करते है और आधुनिकता का राग अलापते है लेकिन जातपात के चक्कर से आज भी मुक्त नही हो पाए है। एक तरफ देश मे हिंदू मुस्लिम की राजनीति चरम पर पहुंच गई है वही दूसरी तरफ हिंदुओ में छुआछूत की भावना भी खत्म होने का नाम नही ले रही है। सामाजिक भेदभाव और जातपात की छुआछूत का एक ऐसा ही मामला उत्तराखंड के पहाड़ी जिले उत्तरकाशी में सामने आया है जहां एक अनुसूचित जाति के युवक को मंदिर में माथा टेकने की सजा दे दी गयी और जलती लकड़ी से रातभर बंधक बनाकर पीटा गया। ये घटना मानवीय संवेदनाओं को तार तार करने वाली है।
दरअसल उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र के सालरा गांव में मंदिर में बैनोल निवासी 22 वर्षीय युवक आयुष को मंदिर में प्रवेश कर भगवान के आगे माथा टेकने पर 5 लोगो ने जलती लकड़ी से उसे बंधक बनाकर पीटा।पीड़ित पक्ष ने मोरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं एसपी का कहना है कि मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना सीओ ऑपरेशन को सौंपी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक बैनोल गांव निवासी आयुष (22) पुत्र अतर लाल ने मोरी थाने में क्षेत्र के पांच लोगों के खिलाफ जान से मारने के प्रयास सहित कई अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। आयुष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीते नौ जनवरी को शाम करीब सात बजे गांव के कौंवल मंदिर में दर्शन के लिए गया था। मंदिर में मौजूद कुछ लोगों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बाद में उसे मंदिर में बांध दिया।
यहां गांव के पांच सवर्णों ने जलती लकड़ी व अंगारों से उसे रात भर पीटा। जिससे वह बेहोश हो गया। आयुष ने बताया कि 10 जनवरी सुबह जब उसे होश आया तो वह नग्नावस्था में था। आयुष ने बताया कि वह नग्नावस्था में ही वहां से भागा। आयुष ने बताया कि सवर्णो ने उसे मंदिर में प्रवेश करने पर पीटा। आयुष की शिकायत पर पुलिस ने गांव के जयवीर सिंह, ईश्वर, आशीष, चैन सिंह व भग्यान आदि मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना सीओ ऑपरेशन प्रशांत कुमार को सौपी गई है।
घटना को लेकर अर्पण यदुवंशी, एसपी उत्तरकाशी ने कहा है कि मामलें में क्षेत्र के पांच लोगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच सीओ ऑप्स को सौंपी गई है।
इस घटना को लेकर प्रशांत कुमार, सीओ, आपरेशन उत्तरकाशी ने कहा कि मामले की जांच सौंपे जाने की जानकारी है। बृहस्पतिवार को घटना स्थल पर जाकर विवेचना शुरु कर दी जाएगी।
उधर इस घटना को लेकर बसपा के जिलाध्यक्ष विजयपाल तंगानी ने कहा कि उत्तरकाशी जिले में कानून व्यवस्था पटरी से उतर रही है. दलित समाज के साथ अत्याचार किए जा रहे हैं. पुलिस मूक दर्शक बनी हुई. ऐसा लग रहा है कि सब पुलिस की शह पर हो रहा है. मंदिर के भीतर जाने पर दलित युवक पर जानलेवा हमला किया जाना घृणित मानसिकता दर्शाता है. पुलिस ने मामले में हल्की धाराएं लगाई हैं. उक्त मामले में जल्द कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में सड़कों पर आंदोलन किया जाएगा.