उत्तराखण्डः भूस्खलन से फिर थमा यमुनोत्री हाईवे! हनुमान चट्टी के आगे मार्ग बंद, कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

Uttarakhand: Yamunotri Highway blocked again due to landslides! Road closed beyond Hanuman Chatti; 'Yellow Alert' for heavy rain in several districts.

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून लगातार अपना असर दिखा रहा है। इस दौरान जहां पहाड़ों पर बारिश का सिलसिला जारी है, वहीं भूस्खलन की खबरें भी लगातार सामने आ रही हैं। रविवार तड़के उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन होने से चारधाम यात्रा प्रभावित हो गई। हनुमान चट्टी से आगे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरने से हाईवे पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। मार्ग बंद होने के कारण यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि मार्ग को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। इधर, स्याना चट्टी के पास भी रविवार सुबह भूस्खलन के कारण कुछ समय के लिए यमुनोत्री हाईवे पर यातायात बाधित रहा। सड़क पर मलबा आने से वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी, लेकिन एनएच विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मलबा हटाया और कुछ समय बाद इस स्थान पर यातायात सामान्य कर दिया। 

प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में रविवार को भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ कई दौर की तेज बारिश की संभावना भी जताई गई है। वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।