उत्तराखण्डः थार चालक की दबंगई! बस चालक और मेडिकल छात्रों को कुचलने की कोशिश, वीडियो वायरल

Uttarakhand: Thar driver's high-handedness! Attempt to run over bus driver and medical students; video goes viral.

हरिद्वार। रायवाला थाना क्षेत्र में हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग स्थित मोतीचूर फ्लाईओवर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक थार चालक ने मेडिकल कॉलेज के छात्रों और बस चालक के साथ विवाद के बाद कथित तौर पर उनकी ओर तेज गति से वाहन दौड़ा दिया। अचानक वाहन आगे बढ़ने से मौके पर मौजूद छात्र और बस चालक घबरा गए और खुद को बचाने के लिए इधर-उधर हटने लगे। घटना के बाद आरोपी थार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बस में सवार एक छात्रा ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में अज्ञात थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक मेडिकल छात्रों को लेकर एक बस हरिद्वार की ओर जा रही थी। तभी नेपाली फार्म के पास एक थार चालक कथित तौर पर बार-बार बस को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान बस चालक और थार चालक के बीच विवाद हो गया। दोनों वाहनों के मोतीचूर फ्लाईओवर पर पहुंचने के बाद विवाद और बढ़ गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद बस चालक और थार चालक के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान बस में सवार कुछ मेडिकल छात्र नीचे उतर आए और मामले को शांत कराने का प्रयास करने लगे। बस में मौजूद कुछ छात्राएं पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर रही थीं।

आरोप है कि बातचीत के दौरान अचानक थार चालक ने अपना वाहन तेज गति से बस चालक और वहां खड़े छात्रों की दिशा में बढ़ा दिया। वाहन को अचानक अपनी ओर आता देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ छात्र और अन्य लोग किसी तरह पीछे हटकर खुद को बचाने में सफल रहे। वायरल हो रहे वीडियो में घटनास्थल पर कुछ लोगों को थार के आसपास खड़े देखा जा सकता है। इसी दौरान वाहन अचानक आगे बढ़ता नजर आता है। वाहन के अचानक चलने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच जाती है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग वाहन से बचने के लिए थार के बोनट पर भी चढ़ गए, जबकि बस में बैठी छात्राओं के बीच भी चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद थार चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। इस दौरान बस चालक को चोट लगने की भी बात सामने आई है। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के दौरान बस में बैठी एक छात्रा ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो में थार चालक और बस चालक के बीच बातचीत होती दिखाई दे रही है। इसके बाद अचानक थार आगे बढ़ती नजर आती है और वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन जाती है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के आधार पर पुलिस अब थार वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस मामले में कनखल, हरिद्वार निवासी अस्पताल कर्मचारी प्राची शर्मा ने रायवाला थाने में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।