Oct 07, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखंड: मातम में बदली शादी की खुशियां! बरातियों की कार जंगल में पलटी,तीन महिलाओं की मौत,चालक समेत सात लोग घायल

Uttarakhand: Wedding happiness turns into mourning! Wedding party's car overturned in the forest, three women died, seven people including the driver injured

जनपद उधमसिंह नगर के शक्तिफार्म से बरातियों को लेकर जा रही कार के पूरनपुर पीलीभीत स्थित हरिपुर के जंगल में अनियंत्रित होकर पलटने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। जबकि चालक समेत सात लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही स्कूटी को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी।

मंगलवार की शाम को ग्रामसभा बैकुंठपुर निवासी दीपांकर सरकार अपने पुत्र नरोत्तम सरकार के विवाह के लिए कई गाड़ियों में बरातियों को लेकर चंदिया हजारा के राहुल नगर के लिए निकले। रात करीब नौ बजे बरातियों से भरी एक कार हरिपुर के जंगल में सामने से आ रही स्कूटी को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलटकर गड्ढे में जा गिरी। कई बार पलटने के बाद कार पेड़ से टकराई। दुर्घटना में कार सवार रुदपुर, शक्तिफार्म निवासी रेणुका रानी , बैकुंठपुर निवासी कंचन सरकार और बैकुंठपुर निवासी विशाखा मंडल की मौत हो गई। जबकि कार में सवार नारायण प्रमाणिक,गणेश मंडल,निहाल मुखर्जी , गोविंद, मनीष मंडल,उमेश सरकार,दिपांकर मंडल घायल हो गए। अफरा तफरी के बीच उन्हें सीएचसी पीलीभीत में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। मृतका रेणुका रानी दूल्हे की सगी नानी थी, जबकि कंचन सरकार व विशाखा मंडल दूल्हे की दादी लगती थीं। मौत की घटना के बार परिवार में कोहराम मच गया। रात को घटना की जानकारी होते ही कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी से फोन पर वार्ता कर घटना की पल-पल की जानकारी लेते रहे। उन्होंने घायलों को हर संभव मदद मुहैया कराई। इधर, मंत्री के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ता सभी पीड़ित परिवारों से मिलने उनके घर पर पहुंचे और उन्हें हर संभव मदद के साथ मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया।