उत्तराखण्डः उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का देवभूमि दौरा! एम्स पहुंचकर किया पौधरोपण, कोलकाता काण्ड पर जताया दुख

देहरादून। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ उत्तराखण्ड दौरे पर हैं। वह आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एम्स परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ हुई घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि हमारे देश की संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम की है। हमारे कुटुंब की बेटी ने जनता की सेवा के लिए न दिन देखा न रात। उसके साथ दुष्कर्म और निर्ममता अकल्पनीय है। घटना से डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ दुखी हैं। इस घटना से मां बाप भी सोचेंगे कि बेटी को डॉक्टर बनाएं या न बनाएं। जब ये बात सोचते हैं तो दिल विचलित होता है। उन्होंने कहा कि जिस बच्ची ने डॉक्टर बनकर हमारे शरीर को बचाने की कोशिश की हैवानों ने उसके ही शरीर को तार-तार कर दिया।