उत्तराखण्डः शादी से दो दिन पहले युवक ने मौत को लगाया गले! जिस घर में बजने वाली थीं शहनाइयां, वहां पसरा मातम! विदेश में डॉक्टर था मृतक

Uttarakhand: Two days before his wedding, a young man died! The house where the wedding bells were supposed to ring is plunged into mourning! The deceased was a doctor abroad.

चमोली। चमोली के थराली विकासखंड के कुलसारी क्षेत्र से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक की अचानक मौत ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। खास बात यह है कि युवक की शादी महज दो दिन बाद होने वाली थी और घर में खुशियों का माहौल था, जो देखते ही देखते मातम में बदल गया। जानकारी के अनुसार कुलसारी निवासी 30 वर्षीय आदित्य जोशी, जो मूल रूप से विजयपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में पीपलगैर (कुलसारी) में रह रहे थे, शनिवार 25 अप्रैल को अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। परिजनों ने जब उन्हें कमरे में इस हालत में देखा तो हड़कंप मच गया और तुरंत डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि आदित्य जोशी की शादी दो दिन बाद तय थी। घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और रिश्तेदार भी पहुंचने लगे थे। लेकिन इस अप्रत्याशित घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को एक झटके में मातम में बदल दिया। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विदेश में डॉक्टर थे आदित्य, पुलिस ने शुरू की जांच
बताया जाता है कि आदित्य जोशी विदेश में डॉक्टर के रूप में कार्यरत थे और अपनी शादी के लिए कुछ दिन पहले ही घर लौटे थे। उनकी असामयिक मृत्यु ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद कुलसारी सहित आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।