उत्तराखंड से बड़ी खबर: चमोली के पीपलकोटी में टनल धंसी! कई मजदूर फंसे, 16 लोगों का रेस्क्यू

Major news from Uttarakhand: Tunnel collapses in Pipalkoti, Chamoli! Several workers trapped; 16 people rescued.

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार शाम बड़ा हादसा सामने आया। पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी (टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) की निर्माणाधीन हाइड्रो पावर परियोजना की सुरंग में अचानक मलबा और पानी आने से कई मजदूर अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जानकारी के मुताबिक, हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टीएचडीसी की हाइड्रो पावर परियोजना की सुरंग में अचानक मलबा आने के साथ पानी भी भर गया। उस समय सुरंग के अंदर मजदूरों की शिफ्ट चल रही थी, जिसके चलते कई श्रमिक मलबे के बीच फंस गए। शुरुआती जानकारी में करीब 18 लोगों के सुरंग के अंदर फंसे होने की बात सामने आई थी। चमोली के सीएमओ डॉ. राजीव पाल के अनुसार, सुरंग में ब्लास्ट होने की बात भी सामने आई थी, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पूरी तस्वीर रेस्क्यू अभियान और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के बाद राहत की सबसे बड़ी खबर यह है कि अब तक 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। बचाव दल लगातार सुरंग के अंदर अभियान चला रहे हैं और यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि कोई भी व्यक्ति अंदर न फंसा रह जाए। प्रशासन के अनुसार, घटनास्थल पर राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय कर दिया गया है। सुरंग में मलबा और पानी आने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।