उत्तराखण्डः सरकारी अस्पताल में रिटायर्ड फौजी ने की फायरिंग! स्टॉफ और मरीजों में फैली दहशत, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रामनगर। रामनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय में डॉक्टर व स्टाफ के साथ उपचार के दौरान हुई बहस के बाद एक रिटायर्ड फौजी ने अस्पताल परिसर में गोली चला दी। गोलीकाण्ड से मौके पर हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए। इधर मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधक द्वारा पुलिस को तहरीर दी गयी। वहीं पुलिस ने फायरिंग करने के आरोप में रिटायर्ड फौजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात रामनगर के स्व. रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में एक रिटायर्ड फौजी मनोज गिरी अपने साथी को उपचार के लिए पहुंचे थे। उपचार के दौरान अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों व अन्य स्टाफ से उपचार को लेकर मनोज गिरी की बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए रिटायर्ड फौजी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से अस्पताल परिसर में हवाई फायर कर दिया। गोली चलने से अस्पताल में भगदड़ मच गई। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर व स्टाफ काफी घबरा गया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने रिटायर्ड फौजी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मोहम्मद यूनुस ने बताया कि अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर पीयूष अग्रवाल की तहरीर पर ग्राम जस्सागांजा निवासी रिटायर्ड फौजी मनोज गिरी के खिलाफ धारा 115, 352, 109 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है।