उत्तराखण्डः देहरादून पहुंचे राहुल गांधी! दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के परिजनों से की मुलाकात, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं के साथ करेंगे बड़ी बैठक

Uttarakhand: Rahul Gandhi arrives in Dehradun! He met the family of the late Congress leader Amar Mehta and will hold a major meeting with Congress leaders following the ‘Chhatron Ki Goonj’ (Voice of

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को अपने बहुप्रतीक्षित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए राजधानी देहरादून पहुंच गए हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान राहुल गांधी को भगवान बदरीनाथ की पारंपरिक भोजपत्र माला भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। हालांकि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमर मेहता के निधन के कारण राहुल गांधी के कार्यक्रम में अंतिम समय में बदलाव किया गया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद राहुल गांधी सबसे पहले दिवंगत नेता अमर मेहता के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया। अमर मेहता का गुरुवार को कार्यक्रम स्थल पर हुए एक हादसे में निधन हो गया था, जिसके चलते पूरे कांग्रेस संगठन में शोक की लहर है। अमर मेहता के निधन के कारण राहुल गांधी के कार्यक्रम का समय भी परिवर्तित किया गया। पहले उनका देहरादून आगमन शाम पांच बजे निर्धारित था, जिसे बाद में दोपहर 1ः30 बजे कर दिया गया। वहीं, छात्रों के साथ संवाद का कार्यक्रम भी शाम सात बजे के बजाय अब शाम पांच बजे आयोजित किया जाएगा।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर राजधानी देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बन्नू कॉलेज ग्राउंड को कार्यक्रम के लिए पूरी तरह तैयार किया गया है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के पहुंचने की उम्मीद है। कांग्रेस का दावा है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए अब तक ढाई लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र और युवा इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देहरादून पहुंचे हैं। पौड़ी गढ़वाल सहित कई जिलों से आए छात्रों का कहना है कि राहुल गांधी लगातार देशभर में युवाओं और छात्रों से संवाद कर रहे हैं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। पौड़ी से आए छात्र नेता आस्कर रावत ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों की समस्याओं को सड़क से लेकर संसद तक लगातार उठाते रहे हैं और यही कारण है कि बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देहरादून पहुंचे हैं।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा सिंह ने बताया कि राहुल गांधी कार्यक्रम से पहले मसूरी रोड स्थित एक होटल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति, संगठन की मजबूती और प्रदेश में पार्टी की गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद राहुल गांधी बन्नू कॉलेज ग्राउंड पहुंचकर छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे तथा शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे। राहुल गांधी के इस दौरे को उत्तराखंड कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर जहां पार्टी युवाओं और छात्रों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटी है, वहीं दूसरी ओर आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को नई ऊर्जा देने का प्रयास भी किया जा रहा है।