उत्तराखण्डः पंतनगर किसान मेले का भव्य आगाज! राज्यपाल ने किया शुभारंभ, नव निर्मित सेमीकंडक्टर लैंब व आडिटोरियम का हुआ उद्घाटन

पंतनगर। राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह ने आज 118वें कृषि कुम्भ किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। इस दौरान 6 पुस्तकों का विमोचन किया गया व प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया गया। राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह ने मेले में आये सभी अन्नदाताओं, वैज्ञानिकों, उद्यमियों और विद्यार्थियों का अभिनंदन किया किया। उन्होंने कहा कि आज इस अवसर पर सम्मानित हुए सभी प्रगतिशील कृषकों ने अपने परिश्रम, नवाचार और दूरदर्शिता से यह सिद्ध किया है कि यदि दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच हो तो सीमित संसाधनों में भी असाधारण उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। कहा कि भारतीय संस्कृति में किसान को सृष्टि का पोषक कहा गया है। कहा कि उत्तराखण्ड एक कृषि प्रधान राज्य है और यहां की भौगोलिक एवं जलवायु विशेषताएं इसे जैविक और प्राकृतिक खेती के लिए अत्यंत उपयुक्त बनाती हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि जैविक खेती के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को भी जन-आंदोलन का रूप दिया जाए।
महामहिम ने कहा कि वर्तमान में विश्वविद्यालय में अध्ययनरत 4 हजार विद्यार्थियों में से लगभग 50 प्रतिशत छात्राएं हैं। जो बड़े ही प्रसन्नता का विषय है। स्थापना काल से अब तक यहां से लगभग 44 हजार विद्यार्थी डिग्री प्राप्त कर चुके हैं। मुझे खुशी है कि ये छात्र देश-विदेश में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते हुए नित नई.नई सफलता की गाथा लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि राज्य सरकार और विश्वविद्यालय दोनों ही किसानों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। विश्वविद्यालय द्वारा विकसित 350 से अधिक नई प्रजातियां, पर्वतीय कृषि विज्ञान केन्द्रों के माध्यम से शोध प्रसार और किसानों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना ये सभी प्रयास सराहनीय हैं। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी व सांसद अजय भट्ट ने किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी आयोजन के लिए पंतनगर विश्वविद्यालय को बधाईयां दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज 89 देशों को खाद्ययान निर्यात कर रहे है, यह किसान बंधुओ व वैज्ञानिकों के मेहनत का नतीजा है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जितना सम्मान सैनिकों का करते हैं उतना ही सम्मान किसानों का करते हैं। उन्होंने कहा कि देश के दस करोड़ से अधिक किसानों को डीबीटी के माध्यम से किसान सम्मान निधि देकर लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। इस मौके पर कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने विश्वविद्यालय के क्रियाकलापों की विस्तृत जानकारियां दी। उन्होंने बताया कि किसान मेले में 503 स्टाल लगाए गए हैं। कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, विवेक सक्सेना, अमित नारंग, कुलपति ओपन विश्वविद्यालय प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, पदमश्री माधुरी बथवाल, डॉ. जितेंद्र क्वात्र, एएस नैन, सुभाष चन्द्र, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, डॉ. केके अग्रवाल, बीएस चलाल, अपर जिलाधिकारी कौस्तूभ मिश्रा, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।