उत्तराखण्डः नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट! कल 20 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, आदेश जारी

Uttarakhand: Orange alert for heavy rain in Nainital! All schools (Classes 1–12) and Anganwadi centers to remain closed tomorrow, July 20; order issued.

नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा नैनीताल जनपद में 20 जुलाई के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही है। जारी आदेश के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान में 20 जुलाई को नैनीताल जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने के साथ तेज बहाव की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं होने की भी संभावना व्यक्त की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग की चेतावनी और संभावित जोखिम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 20 जुलाई (सोमवार) को जनपद के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी पूरे दिन बंद रहेंगे। जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पूरी तरह छात्रों और छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें बाधित होने, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के उफान पर आने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में बच्चों का विद्यालय आना-जाना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए एहतियात के तौर पर अवकाश घोषित किया गया है। डीएम ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी संस्थान आदेश की अवहेलना करता हुआ पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।