रुद्रपुर में पुरानी रंजिश में दो युवकों पर जानलेवा हमला! पहले स्कॉर्पियो से स्कूटी को मारी टक्कर, फिर लोहे की रॉड से पीटा! कोतवाली पहुंचे लोग
रुद्रपुर। शहर में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने पहले स्कूटी को पीछे से टक्कर मारकर दो युवकों को सड़क पर गिराया और इसके बाद मौके पर पहुंचे अन्य लोगों के साथ मिलकर लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत नाजुक होने के चलते उसे बरेली के राममूर्ति अस्पताल में वेंटिलेटर पर भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे का रुद्रपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांधी कॉलोनी वार्ड-27 निवासी अंकित पुत्र अशोक की ओर से कोतवाली रुद्रपुर में दी गई शिकायत के मुताबिक, सात अगस्त की रात करीब 10 बजे उसका भाई अभिषेक और बुआ का बेटा जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड से अपने घर लौट रहे थे। दोनों जैसे ही एलाइंस गेट से करीब 50 मीटर आगे फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो ने कथित तौर पर उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार बताई गई कि अभिषेक और जतिन स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने जानबूझकर टक्कर मारी। इसके बाद चालक मौके पर रुका और दोनों युवकों के साथ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट करने लगा। शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने के दौरान स्कॉर्पियो चालक ने अपने भाई को फोन कर मौके पर बुलाया। आरोप है कि कुछ देर बाद उसका भाई करीब 10 से 12 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। इसके बाद अभिषेक और जतिन के साथ कथित तौर पर लोहे की रॉड से मारपीट की गई। घटना के दौरान मौके से गुजर रहे राहगीरों ने बीच-बचाव किया। लोगों के हस्तक्षेप के बाद कथित हमलावर वहां से फरार हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
एक युवक वेंटिलेटर पर, दूसरे की हालत भी नाजुक
परिजनों के मुताबिक, हमले में अभिषेक को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक होने पर उसे बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह वेंटिलेटर पर उपचाराधीन बताया गया है। वहीं, जतिन को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि दोनों युवकों को पुरानी रंजिश के चलते निशाना बनाया गया। बताया गया कि कुछ दिन पहले अभिषेक और जतिन की आरोपित पक्ष के लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद का बदला लेने के लिए कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। घटना के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में लोग कोतवाली रुद्रपुर पहुंचे। लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।