देवभूमि में मातृशक्ति का सम्मानः 13 महिलाओं को मिला तीलू रौतेली पुरस्कार! 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां भी हुईं सम्मानित, सीएम धामी ने किया बड़ा ऐलान

Honoring Women in the 'Land of Gods': 13 Women Receive Tilu Rauteli Award! 35 Anganwadi Workers Also Honored; CM Dhami Makes a Major Announcement.

देहरादून। वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर उत्तराखंड सरकार की ओर से देहरादून में राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार एवं राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाने की बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अब तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार की सम्मान राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की जाएगी। वहीं, राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार की राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 61 हजार रुपये की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत और साहस के दम पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। राज्य सरकार का प्रयास है कि ऐसी महिलाओं को सम्मान और प्रोत्साहन मिले, जिन्होंने समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली पुरस्कार केवल सम्मान का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह उन महिलाओं के संघर्ष, साहस और योगदान को पहचान देने का माध्यम भी है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है।

2023 में भी बढ़ाई गई थी पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि को 31 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये किया था। इसी तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार की राशि को भी 21 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये किया गया था। अब सरकार ने एक बार फिर दोनों पुरस्कारों की राशि में बढ़ोतरी की घोषणा की है। तीलू रौतेली पुरस्कार की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये और आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 61 हजार रुपये की जाएगी।

इन 13 महिलाओं को मिला तीलू रौतेली पुरस्कार
अल्मोड़ा:
पुष्पा फर्त्याल को संस्कृत एवं कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
बागेश्वर: दया दानू को समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए पुरस्कार दिया गया।
चमोली: नंदा सती को संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
चंपावत: रितिका बगौली दानू को पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए पुरस्कार मिला।
देहरादून: नीतू रानी को समाज सेवा, शिक्षा एवं बहादुरी के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
हरिद्वार: वैशाली शर्मा को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए पुरस्कार दिया गया।
नैनीताल: लतिका को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
पौड़ी गढ़वाल: प्रियंका पंत थपलियाल को खेल, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए पुरस्कार मिला।
पिथौरागढ़: कलावती देवी को सामाजिक कार्य के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
रुद्रप्रयाग: दुर्गा देवी को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार दिया गया।
टिहरी गढ़वाल: सरिता कोठियाल देवी को सामाजिक क्षेत्र में कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
ऊधमसिंह नगर: पुष्पा देवी को दिव्यांग खेल के क्षेत्र में योगदान के लिए तीलू रौतेली पुरस्कार दिया गया।
उत्तरकाशी: स्वतंत्री बधानी को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

35 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां भी हुईं सम्मानित
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को भी राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों, महिलाओं और परिवारों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में जमीनी स्तर पर अपनी जिम्मेदारी निभाती हैं। उन्होंने कहा कि कुपोषण से लड़ने, बच्चों के प्रारंभिक विकास, महिलाओं तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनके समर्पण और मेहनत को देखते हुए सरकार ने पुरस्कार राशि बढ़ाने का निर्णय लिया है।