Sep 11, 2026 Login

पंतनगर के नगला से शुरू होगा लालकुआं का नया बाईपास! NHAI से मिली मंजूरी, गोला पुल के आगे 8.4 किमी सड़क भी होगी फोरलेन! कुमाऊं की ट्रैफिक व्यवस्था बदलेगी

The new Lalkuan bypass will start from Nagla in Pantnagar! Approval received from NHAI; the 8.4 km stretch of road beyond Gola Bridge will also be widened to four lanes! Traffic management in Kumaon

नैनीताल/हल्द्वानी। नैनीताल जिले में लगातार बढ़ रहे यातायात के दबाव और जाम की समस्या से राहत की दिशा में बड़ी पहल हुई है। जिले की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से मंजूरी मिल गई है। इनमें लालकुआं क्षेत्र में करीब सात किलोमीटर लंबा बाईपास और गोला पुल से आगे करीब 8.4 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने की परियोजना शामिल है। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से हल्द्वानी शहर और आसपास के क्षेत्रों में भारी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि लालकुआं बाईपास को NHAI से विधिवत स्वीकृति मिल चुकी है। करीब सात किलोमीटर लंबा यह बाईपास बरेली रोड पर नगला से शुरू होकर वन विकास निगम के डिपो तक प्रस्तावित है। स्वीकृति के बाद अब परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। DPR बनने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

दूसरी ओर गोला पुल से आगे मौजूदा टू-लेन सड़क को फोरलेन में तब्दील करने के करीब 8.4 किलोमीटर लंबे प्रस्ताव को NHAI से सैद्धांतिक (In-Principle) स्वीकृति मिली है। इसके लिए भी संबंधित कार्यदायी एजेंसी को DPR तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि दोनों परियोजनाओं के धरातल पर आने के बाद हल्द्वानी शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही का दबाव घटेगा और नैनीताल, हल्द्वानी समेत कुमाऊं के प्रमुख मार्गों पर यातायात अधिक सुगम हो सकेगा। इन परियोजनाओं को खास तौर पर पर्यटन सीजन में बढ़ने वाले यातायात के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बाईपास और फोरलेन के निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ ही नैनीताल-कुमाऊं आने वाले पर्यटकों को भी जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, दोनों परियोजनाओं के निर्माण की वास्तविक समयसीमा DPR और उसके बाद की स्वीकृतियों एवं प्रक्रियाओं पर निर्भर करेगी।