Oct 08, 2026 Login
Awaaz24x7-government

भ्रामक विज्ञापन मामला: खाद्य तेल के विज्ञापन पर अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह, निर्माता कंपनी और अमेजन को नोटिस

Misleading advertisement case: Notices issued to actress Archana Puran Singh, the manufacturing company, and Amazon regarding an edible oil advertisement.

देहरादून। भ्रामक विज्ञापनों और खाद्य उत्पादों पर किए जा रहे भ्रामक दावों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने 'प्रीट लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल' के प्रचार और विज्ञापन में पाई गई अनियमितताओं को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मामले में तेल निर्माता कंपनी के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म 'अमेजन' और मशहूर फिल्म अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के अनुसार, उक्त खाद्य तेल के लेबल, विज्ञापनों तथा ई-कॉमर्स साइटों पर प्रदर्शित उत्पाद संबंधी जानकारी में कई प्रकार के भ्रामक दावे पाए गए हैं। ये दावे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तय दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हैं। विभाग ने नोटिस जारी करते हुए सभी संबंधित पक्षों से संबंधित दस्तावेजों के साथ अपना लिखित स्पष्टीकरण दाखिल करने को कहा है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि किसी भी उत्पाद के पोषण मूल्य, स्वास्थ्य संबंधी लाभ और गुणवत्ता को लेकर किए जाने वाले दावे पूरी तरह से प्रमाणिक होने चाहिए। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केवल उत्पाद बनाने वाली कंपनी ही नहीं, बल्कि भ्रामक दावों का प्रचार करने वाले ब्रांड एंबेसडर और बिक्री मंच भी इसके लिए समान रूप से जवाबदेह हैं। विभाग की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से भ्रामक दावों के जरिए बाजार में अपने उत्पाद बेचने वाली अन्य कंपनियों में भी हड़कंप मच गया है।