Sep 11, 2026 Login

 यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामला: पूर्व सीएम के पूर्व ओएसडी के ठिकाने पर ईडी का छापा, 32 लाख कैश, सोना व विदेशी घड़ियां बरामद

UKSSSC paper leak case: ED raids premises of former CM's ex-OSD; ₹32 lakh in cash, gold, and foreign watches seized.

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) परीक्षा धांधली मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी ) चंदन सिंह जीना के परिसरों पर ईडी की टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में बेहिसाबी संपत्ति बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

छापेमारी के दौरान ईडी की टीम को जीना के ठिकाने से 32 लाख रुपये की अघोषित नकदी, करीब 200 ग्राम सोना और कई कीमती इम्पोर्टेड (विदेशी) घड़ियां मिली हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई यूकेएसएसएससी भर्ती परीक्षा में हुई अनियमितताओं और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के तारों को खंगालने के सिलसिले में की गई है। सूत्रों के मुताबिक, केवल चंदन सिंह जीना ही नहीं, बल्कि इस घोटाले से जुड़े कई अन्य संदिग्ध व्यक्तियों और बिचौलियों के ठिकानों पर भी ईडी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ दबिश दी है। परिसरों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है। यूकेएसएसएससी भर्ती घोटाले ने प्रदेश के हजारों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया था। ऐसे में ईडी की इस सख्त कार्रवाई से मामले में कई बड़े नामों के चेहरे बेनकाब होने की संभावना बढ़ गई है। फिलहाल ईडी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां या बरामदगी संभव मानी जा रही है।