नैनीताल:लोअर मॉल रोड पर अब आर-पार की लड़ाई,15 अगस्त को लोअर मॉल रोड पर लेटकर धरना देंगे पुनीत टंडन,सड़क नहीं खुली तो अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान
नैनीताल। लोअर मॉल रोड के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन 15 अगस्त को शाम 4 बजे लोअर मॉल रोड पर ग्राउंड जीरो में लेटकर धरना देंगे। व्यापार मंडल ने साफ किया है कि यह विरोध अनिश्चितकालीन होगा।
व्यापार मंडल के मुताबिक, 26 जून को अधिशासी अधिकारी रत्नेश सक्सेना ने पुनीत टंडन, मीडिया और अन्य लोगों की मौजूदगी में आश्वासन दिया था कि 15 अगस्त वाले वीकेंड तक लोअर मॉल रोड को पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। इसी भरोसे के बाद व्यापार मंडल अध्यक्ष ने अपना प्रस्तावित धरना उस समय वापस ले लिया था।

लेकिन अब व्यापार मंडल का आरोप है कि न तो काम पूरा हुआ और न ही सड़क खुल सकी। प्रेस नोट में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से काम भी बंद पड़ा है और मौजूदा स्थिति को देखते हुए 15 अगस्त तक सड़क के पूरी तरह तैयार होने की संभावना नजर नहीं आ रही है।
अब सड़क पर लेटकर होगा विरोध
व्यापार मंडल का कहना है कि लोअर मॉल रोड बंद होने से व्यापारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। पर्यटन सीजन में इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है। इसके अलावा इस बार माउंटेन मैराथन की रूटिंग भी प्रभावित होने का हवाला दिया गया है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि तय समय तक सड़क नहीं खुली तो वह आंदोलन करेंगे। अब उसी घोषणा के तहत 15 अगस्त से सड़क पर लेटकर अनिश्चितकालीन धरना देने का निर्णय लिया गया है।
पुनीत टंडन ने बताया कि धरने के दौरान पुनीत टंडन पानी और अन्य लिक्विड के अलावा कुछ नहीं लेंगे। जरूरत पड़ने पर अन्न-जल का भी त्याग करने से वो पीछे नहीं हटेंगे ।
व्यापार मंडल ने नैनीताल के व्यापारियों और स्थानीय लोगों से आंदोलन में सहयोग की अपील की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों और पुलिस प्रशासन से इस लिखित सूचना का संज्ञान लेने को कहा गया है।