उत्तराखंड: भू कानून जब लागू होगा तब होगा, लेकिन कुमाऊं के इस जिले में लोगों ने बनाया अपना भू-कानून! अब यहां बाहरी व्यक्तियों को जमीन बेचने पर लगा प्रतिबंध, पहचान छिपाकर भी घूमना पड़ेगा भारी
अल्मोड़ा। एक तरफ देवभूमि उत्तराखण्ड में लगातार सशक्त भू-कानून और मूल निवास की मांग उठ रही है। कई जगहों पर इस मांग को लेकर लोग सड़कों पर उतर रहे हैं और सरकार से जल्द से जल्द भू-कानून लागू करने की बात कह रहे हैं। वहीं पिछले दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भू-कानून को लेकर एक बड़ा ऐलान भी किया है, जिसके बाद लोगों को उम्मीद जगी है। लेकिन इस बीच अल्मोड़ा से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है। यहां सल्ट कालीगाड़ के ग्रामीणों ने अपना भू-कानून बनाया है। इसके तहत अब गांव में बाहरी व्यक्ति को ना जमीन बेची जाएगी। इसके बोर्ड भी क्षेत्र के ग्राम प्रधान द्वारा गांव की प्रवेश सीमा पर लगा दिया गया है। प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों को बचाने के लिए गांव के सभी लोगों ने यह निर्णय लिया है। अब ग्रामीणों की इस मुहिम की हर तरफ सराहना हो रही है। सोशल मीडिया पर भी यह मामला खासा सुर्खियों में बना हुआ है।
कालीगाड़ गांव के अंदर प्रवेश सीमा पर ग्राम प्रधान द्वारा एक बोर्ड लगवाया है, इसमें बाहरी व्यक्ति के लिए जमीन की खरीद फरोख्त पर और पहचान छुपा कर खरीद फरोख्त पर रोक लगा दी गई है। इसका पालन पूरे गांव के ग्रामीण कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों को बचाने के लिए मिल जुलकर यह निर्णय लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि वह अपने ग्राम प्रधान का आदेश मानते हैं। यह सर्व सहमति से लिया गया निर्णय है, जो गांव की भलाई के लिए है और अपनी उत्तराखंड की संस्कृति को बचाने के लिए भी है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पलायन रोकने के साथ ही गांव से माइग्रेट हो चुके बेरोजगारों को गांव वापस बुलाने की मुहिम शुरू करने का भी निर्णय लिया गया है।
बता दें कि इससे पहले टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लॉक के भेंनगी गांव के ग्रामीणों ने भी ऐसा ही फैसला लिया था। भेंनगी के ग्रामीणों ने भी अब वहां किसी बाहरी को अपनी जमीन नहीं बेचने देंका फैसला लिया है। ग्रामीणों ने गांव के मुख्य द्वार पर एक बड़ा बोर्ड लगा दिया है। बोर्ड में साफ लिखा है कि जमीन बेचने के लिए बिचौलिए गांव में प्रवेश न करें। जो भी जमीन बेचने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।