Big Breaking: किच्छा-सिरौलीकलां निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश! कहा- 7 अक्टूबर को कराएं वोटों की गिनती
नई दिल्ली/नैनीताल। किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना को लेकर लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए दोनों निकायों की मतगणना 7 अक्टूबर को कराने के निर्देश दिए हैं। अदालत के इस आदेश के बाद मतगणना को लेकर बनी असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है और अब दोनों नगर निकायों के चुनाव परिणाम सामने आने का रास्ता साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट ने मतगणना की प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित निर्देशों के अनुसार कराने को कहा है। अदालत ने यह भी निर्देश दिया है कि मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने 9 अक्टूबर को मतगणना संबंधी आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका के लिए 22 सितंबर को मतदान कराया गया था। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतगणना 24 सितंबर को प्रस्तावित थी लेकिन कानून व्यवस्था से जुड़े कारणों के चलते मतगणना स्थगित कर दी गई थी। मतदान के बाद दोनों निकायों की मतपेटियां स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी गई हैं और प्रत्याशी परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।मतगणना स्थगित होने के बाद यह मामला उत्तराखंड हाईकोर्ट पहुंचा था। मतगणना जल्द कराने की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त समय की मांग की गई थी। सरकार की ओर से मतगणना तत्काल कराने में आने वाली कानून व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों और अन्य कारणों का हवाला देते हुए समय मांगा गया था। हाईकोर्ट ने मतगणना कराने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया था। हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा।