Oct 25, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखंड: मुनस्यारी में गुड़ की चाय के साथ ताज़ा हुई यादें! सीएम धामी ने दी इंडोर हॉल की सौगात

Uttarakhand: Jaggery tea brings back memories in Munsyari! CM Dhami gifts indoor hall

मुनस्यारी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने गृह क्षेत्र मुनस्यारी पहुंचकर लोगों से आत्मीय मुलाकात की और पुराने दिनों की यादें ताजा कीं। सुबह की सैर पर निकले सीएम धामी जब रोडवेज बस स्टेशन स्थित मशहूर हीरा टी स्टॉल पहुंचे, तो वहां का माहौल उत्साह से भर गया। मुख्यमंत्री ने अपने पुराने सहपाठियों के साथ बैठकर गुड़ वाली चाय की चुस्कियां लीं और टी स्टॉल के संचालक हीरा सिंह से बातचीत कर पुराने दिनों की यादें साझा कीं।

सीएम धामी ने चाय की खूब तारीफ करते हुए कहा कि “हीरा टी स्टॉल की चाय का स्वाद आज भी वैसा ही है, जैसा छात्र जीवन में हुआ करता था।” उनके इस सहज और आत्मीय व्यवहार से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान मुनस्यारी क्षेत्र के जाने-माने बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्ण कुमार आर्या भी वहां पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की और कहा कि अगर मुनस्यारी में एक इंडोर बैडमिंटन हॉल बन जाए, तो स्थानीय खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।खिलाड़ी की इस बात पर मुख्यमंत्री धामी ने तुरंत निर्णय लेते हुए वहीं टी स्टॉल पर ही इंडोर बैडमिंटन हॉल निर्माण की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि पहाड़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी मेहनत और लगन से राज्य का नाम रोशन कर सकें।

सीएम की इस घोषणा से मुनस्यारी के युवाओं और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि धामी सरकार वास्तव में युवाओं की आकांक्षाओं को समझती है और उन्हें पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि मुनस्यारी केवल प्राकृतिक सौंदर्य का ही नहीं बल्कि प्रतिभाओं का भी केंद्र है। सरकार यहां पर्यटन, खेल और रोजगार के क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से कहा कि वे राज्य की प्रगति में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और युवा पीढ़ी को शिक्षा और खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। सीएम धामी की इस अनौपचारिक और आत्मीय मुलाकात ने मुनस्यारीवासियों के दिल जीत लिए। गुड़ की चाय की मिठास के साथ मुनस्यारी को एक नई खेल सौगात भी मिल गई, जिससे यहां के युवा आने वाले दिनों में बड़ी उपलब्धियों की ओर कदम बढ़ा सकेंगे।